वैशाली में धरती फाड़कर निकला शिवलिंग आकार का फूल, जलाभिषेक को उमड़ी भीड़

Bihar :वैशाली। जिले के सहदेई बुजुर्ग प्रखंड से आस्था और प्राकृतिक अचरज से जुड़ी एक बेहद हैरान कर देने वाली खबर सामने आई है। इलाके के मुरौवतपुर पंचायत के वार्ड संख्या 11 में स्थित एक घर के पास रातों-रात जमीन से एक विशालकाय और अद्भुत फूल निकल आया। इस फूल का आकार बिल्कुल भगवान शिव के शिवलिंग जैसा है। जैसे ही ग्रामीणों की नजर इस रहस्यमयी फूल पर पड़ी, यह पूरे इलाके में चर्चा का विषय बन गया। आस्था के वशीभूत होकर लोगों की भारी भीड़ वहां जुट गई और इसे दैवीय चमत्कार मानकर पूजा-अर्चना और जलाभिषेक का दौर शुरू हो गया।स्थानीय निवासी असर्फी सिंह के घर के पास खिले इस शिवलिंग रूपी फूल को देखने के लिए आसपास के गांवों से भी लोगों का भारी तांता लग गया है। ग्रामीण इसे भगवान शिव का साक्षात चमत्कार मान रहे हैं। मौके पर मौजूद श्रद्धालुओं ने फूल के पास अगरबत्ती जलाई, प्रसाद चढ़ाया और पूरी आस्था के साथ दूध व जल से इसका अभिषेक भी किया। स्थानीय नागरिक गौरी शंकर सिंह ने हैरानी जताते हुए बताया कि एक दिन पहले तक उस जगह पर कुछ भी नहीं था, लेकिन रात भर में अचानक वहां एक विशालकाय शिवलिंग के आकार का यह अद्भुत पुष्प खिल गया, जिसने सभी को आश्चर्यचकित कर दिया है।