कवर्धा जिले में पुलिस को गांजा तस्करी के खिलाफ बड़ी सफलता मिली है। चिल्फी पुलिस ने चेकिंग के दौरान 2 अंतरराज्यीय गांजा तस्करों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के पास से करीब 4 क्विंटल गांजा जब्त किया गया है, जिसकी बाजार में कीमत करोड़ों रुपये बताई जा रही है।
मिली जानकारी के अनुसार, चिल्फी पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि गांजे की बड़ी खेप एक वाहन से ले जाई जा रही है। सूचना पर पुलिस ने इलाके में नाकाबंदी कर चेकिंग शुरू की। चेकिंग के दौरान संदिग्ध वाहन को रोककर तलाशी ली गई, तो उसमें से 4 क्विंटल गांजा बरामद हुआ।
पुलिस ने मौके पर ही दोनों तस्करों को गिरफ्तार कर लिया और वाहन को भी जब्त कर लिया है। दोनों आरोपी अंतरराज्यीय गिरोह से जुड़े बताए जा रहे हैं। पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि गांजा कहां से लाया जा रहा था और कहां पहुंचाया जाना था। इस नेटवर्क में और कौन-कौन लोग शामिल हैं, इसकी भी पड़ताल की जा रही है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जिले में नशे के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। चिल्फी पुलिस की इस कार्रवाई की जिले भर में सराहना हो रही है।
आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

