CG:ऑनलाइन गेमिंग की लत में 10 लाख का कर्ज, फिर रची चोरी की साजिश – सूने मकान से लाखों के जेवर उड़ाए, 2 आरोपी गिरफ्तार*

    राजनांदगांव / डोंगरगढ़, 23 नवंबर 2026 -*
    ऑनलाइन गेमिंग की लत एक बार फिर दो युवाओं को अपराध की दलदल में ले गई। गेम में हार-हार कर दोनों पर करीब 10 लाख रुपये का कर्ज हो गया। कर्ज चुकाने के लिए दोनों ने मिलकर चोरी की साजिश रची और एक सूने मकान को निशाना बना लिया।

    पुलिस चौकी मोहारा, थाना डोंगरगढ़ क्षेत्र में हुई इस चोरी ने पूरे इलाके में हड़कंप मचा दिया था। मकान मालिक के बाहर जाने पर आरोपी घर में घुसे और वहां रखे सोने-चांदी के लाखों रुपये के जेवरात चुरा ले गए।

    ऐसे पकड़े गए आरोपी –
    चोरी की रिपोर्ट के बाद मोहारा पुलिस ने आसपास के CCTV फुटेज खंगाले और मुखबिरों को लगाया। शक के आधार पर दोनों युवकों को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई तो दोनों टूट गए और पूरी चोरी कबूल कर ली।

    पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी किए गए सोने का हार, चांदी की पायल, अंगूठी, कान के जेवर समेत कई जेवरात बरामद किए हैं। साथ ही चोरी में इस्तेमाल की गई सफेद स्विफ्ट डिजायर कार (CG04NZ3480) भी जब्त की है।

    पुलिस चौकी मोहारा में दोनों आरोपियों को पुलिस जवानों के साथ बरामद जेवरात के सामने खड़ा कर फोटो भी जारी की गई है।

    पुलिस की अपील –
    पुलिस ने लोगों से अपील की है कि घर सूना छोड़कर जाएं तो पड़ोसियों को जरूर बताएं, कीमती जेवर घर में न रखें और ऑनलाइन गेमिंग की लत से बच्चों को दूर रखें। गेमिंग की लत आज युवाओं को कर्ज, अपराध और जेल तक पहुंचा रही है।

    दोनों आरोपियों के खिलाफ चोरी का मामला दर्ज कर न्यायालय में पेश किया गया है। पुलिस अब यह भी जांच कर रही है कि क्या दोनों ने पहले भी ऐसी और वारदातों को अंजाम दिया है।