हैदराबाद/रंगारेड्डी, 3 नवंबर 2026:
तेलंगाना की फ्यूचर सिटी पुलिस ने हैदराबाद के बाहरी इलाके में चल रहे बड़े नकली नोटों के रैकेट का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने ₹6.78 करोड़ के नकली ₹500 के नोट बरामद किए हैं और 4 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। 3 आरोपी अभी भी फरार हैं।
NH-65 पर रामोजी फिल्म सिटी के पास पकड़े गए
पुलिस के मुताबिक 1 नवंबर की रात 10:15 बजे अब्दुल्लापुरमेट पुलिस और SOT शादनगर की टीम ने NH-65 पर रामोजी फिल्म सिटी के मेन गेट के सामने बालाजी ढाबा के पास वाहन चेकिंग के दौरान TS04 EY 7291 नंबर की मारुति डिजायर कार को रोका।
कार की तलाशी में डिग्गी से ग्रे बैग में 16 बंडल यानी 1600 नकली ₹500 के नोट (₹8 लाख), एक डमी पिस्टल, 2 वॉकी-टॉकी सेट और 3 फर्जी पुलिस ID कार्ड मिले।
पकड़े गए आरोपियों की पहचान –
- मडुपोजू कर्णाकर (27) – व्यापारी, उप्पारीगुड़ा, इब्राहिमपट्नम
- चिन्नोला माणिक्य रेड्डी (52) – व्यापारी, कुकटपल्ली
- चेरुकुपेल्ली रत्नाकर रेड्डी (30) – ड्राइवर, जगित्याल
- करणम अजय कुमार (34) – व्यापारी, महबूबनगर
कुंटलूर में किराए के मकान में चल रही थी फैक्ट्री
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि उन्होंने हयातनगर मंडल के कुंटलूर में एक मकान किराए पर लिया था। वहां से पुलिस ने 134 बंडल नकली ₹500 के नोट यानी करीब ₹6.70 करोड़, कलर प्रिंटर, लेजर प्रिंटर, Epson प्रिंटर-कम-स्कैनर, लैपटॉप, लैमिनेशन मशीन, नोट काटने की मशीन बरामद की।
कुल मिलाकर ₹6.78 करोड़ के नकली नोट बरामद हुए।
YouTube से सीखा नकली नोट छापना, फिर पुलिस बनकर लूटते थे
फ्यूचर सिटी CP डॉ. तरुण जोशी ने बताया कि मुख्य आरोपी ने YouTube और सोशल मीडिया वीडियो देखकर असली नोट को स्कैन कर फोटोशॉप से एडिट कर नकली नोट छापना सीखा था।
जब नोट चल नहीं पाए तो गैंग ने नया तरीका निकाला – पहले ग्राहकों को असली नोट दिखाकर भरोसा जीतते, फिर फर्जी नंबर प्लेट वाली गाड़ी में फर्जी पुलिस ID, वॉकी-टॉकी और डमी पिस्टल लेकर पुलिस बनकर पहुंच जाते और ग्राहक के असली पैसे लूटकर भाग जाते।
पुलिस ने केस दर्ज कर 4 को जेल भेज दिया है, 3 फरार आरोपियों – जल्ली वेंकटेश, कुंजा बलराजू और कंपसती श्रीनिवास की तलाश जारी है।

