जगदलपुर / बस्तर, 4 नवंबर 2026:*
शहर के गोलबाजार स्थित कोतवाली थाना क्षेत्र के बाफना लाइफ स्टाइल कपड़ा शोरूम में काम करने वाली 20 वर्षीय युवती दीपा सागर की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। सोमवार सुबह शोरूम की छत पर उसका शव मिला, जिसके बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया।
दीपा बैलाबाजार / दंतेश्वरी वार्ड की रहने वाली थी। परिजनों के मुताबिक वह 21 अक्टूबर से ही इस शोरूम में काम कर रही थी। यह प्रतिष्ठान पूर्व विधायक संतोष बाफना (2013-2018 जगदलपुर विधायक) का बताया जाता है।
आखिरी बातचीत के बाद संपर्क टूटा
परिजनों का कहना है कि घटना वाले दिन रविवार शाम 6:30 से 7 बजे के बीच दीपा से फोन पर बात हुई थी। उसने कहा था कि अभी बात नहीं कर सकती, बाद में बात करेगी। इसके बाद उससे कोई संपर्क नहीं हो पाया।
रात करीब 9:30 बजे तक जब दीपा घर नहीं पहुंची, तो परिजन शोरूम पहुंचे। तब दुकान बंद मिल चुकी थी। कर्मचारियों ने बताया कि दीपा शाम 6:30 बजे से दिखाई नहीं दे रही है और उसका मोबाइल शोरूम में ही छूट गया था। बाद में कर्मचारी मोबाइल लेकर घर भी पहुंचे।
अगली सुबह सोमवार को दुकान में साफ-सफाई करने वाली महिला कर्मचारी जब छत पर पहुंची, तो वहां दीपा का शव पड़ा मिला।
परिजनों के आरोप – चोट के निशान, CCTV नहीं दिखाया
परिजनों का आरोप है कि दीपा के हाथों और शरीर पर चोट और नाखून जैसे निशान थे, इसलिए यह सामान्य आत्महत्या नहीं लगती। उनका यह भी आरोप है कि तलाश के दौरान उन्हें समय पर CCTV फुटेज नहीं दिखाया गया और न ही स्पष्ट जानकारी दी गई।
परिजनों ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच और न्याय की मांग की है।
पुलिस का पक्ष – सुसाइड नोट मिला, जांच जारी
कोतवाली TI लीलाधर राठौर के मुताबिक सोमवार सुबह करीब 11 बजे सूचना मिली। पुलिस ने FSL टीम के साथ मौके पर पहुंचकर जांच की। शव को पोस्टमार्टम के लिए डिमरापाल मेडिकल कॉलेज भेजा गया है।
पुलिस को मौके से एक कथित सुसाइड नोट भी मिला है, जिसमें अपनी मर्जी से जान देने और किसी को परेशान न करने की बात लिखी होने का दावा है। पुलिस अब उस नोट की लिखावट, CCTV फुटेज और कॉल डिटेल रिकॉर्ड (CDR) की जांच कर रही है।
पुलिस ने मर्ग क्र. 70/26, धारा 194 BNSS के तहत मर्ग कायम कर जांच शुरू की है। पुलिस का कहना है कि मौत की असली वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फोरेंसिक जांच के बाद ही साफ होगी।

