छत्तीसगढ़ की न्यायधानी बिलासपुर में एक निर्माणाधीन मकान में काम करते समय 11 केवी हाईटेंशन लाइन के चपेट में आने में 2 मजदूरों की मौके पर ही मौत हो गई।

दरअसल बिलासपुर के स्वर्ण जयंती नगर में अनूप सिंह के निर्माणाधीन मकान में अशोक नगर निवासी भूपेंद्र साहू अपने साथी रवि बंजारे के साथ ऊपरी मंजिल पर गया था। पुलिस के अनुसार भूपेंद्र के 11 केवी लाइन के संपर्क में आने के बाद उसकी आवाज सुनकर रवि उसे बचाने पहुंचा, लेकिन वह भी करंट की चपेट में आ गया। दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। प्रारंभिक जांच में हाईटेंशन लाइन के बेहद पास बिना सुरक्षा जाली या कवर के निर्माण कराए जाने की बात सामने आई है। घटना के बाद सिविल लाइन पुलिस, नगर निगम और सीएसईबी के अधिकारी मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की। मकान मालिक अनूप सिंह और ठेकेदार की भूमिका की जांच कर रही है।

करंट लगते ही एक मजदूर नीचे गिर पड़ा, जबकि दूसरा बिजली के तार में ही फंस गया। आसपास के लोगों ने बिजली आपूर्ति बंद कराने की कोशिश की, लेकिन तब तक दोनों की मौत हो चुकी थी।

घटना की सूचना मिलते ही सिविल लाइन पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। इस बीच पुलिस ने बिजली विभाग के अधिकारियों को भी मौके पर बुला लिया था। साथ ही फोरेंसिक टीम भी मौके पर पहुंच गई।

पंचनामा के बाद पुलिस ने दोनों श्रमिकों के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि निर्माणाधीन मकान के ऊपर से 11 केवी हाईटेंशन लाइन गुजर रही थी। पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि भवन निर्माण के दौरान सुरक्षा मानकों का पालन किया गया था या नहीं।

पुलिस यह भी जांच कर रही है कि निर्माण कार्य के दौरान सुरक्षा मानकों का पालन किया गया था या नहीं। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच के बाद आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।