नई दिल्ली / रायपुर। महादेव ऑनलाइन सट्टा ऐप मामले में CBI ने बड़ी कार्रवाई की है। 6 राज्यों में 33 ठिकानों पर एक साथ छापेमारी की गई है।
सौरभ चंद्राकर से पूछताछ के बाद खुलासा:
CBI ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर बताया है कि ये कार्रवाई महादेव ऐप के प्रमुख प्रमोटर सौरभ चंद्राकर से पूछताछ में हुए खुलासों के आधार पर की गई है।
चंद्राकर को ओमान सल्तनत से प्रत्यर्पित (Extradite) करके भारत लाया गया था। 01 नवंबर 2026 को CBI ने उसे गिरफ्तार किया था। रायपुर के विशेष न्यायाधीश (CBI मामले) ने उसे 8 दिन की पुलिस कस्टडी में भेजा था।
पुलिस कस्टडी खत्म होने पर 12.11.2026 को उसे कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उसे 19.11.2026 तक न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। इधर 13 नवंबर को ED ने भी उसे मनी लॉन्ड्रिंग मामले में गिरफ्तार कर लिया है।
कहां-कहां पड़े छापे:
CBI की टीमों ने पिछले कुछ दिनों में पैनल ऑपरेटरों के ठिकानों पर सर्च ऑपरेशन चलाया।
- अमृतसर, दिल्ली, नागौर, धौलपुर, भोपाल, रायपुर, दुर्ग, इंदौर, अहमदाबाद, वडोदरा, सूरत, मुंबई और नागपुर शामिल हैं।
छापेमारी में क्या-क्या मिला:
- कई ठिकानों पर लाइव बेटिंग और जुआ पैनल चलते मिले, जिन्हें मौके पर ही बंद कराया गया।
- मोबाइल, डिजिटल डिवाइस और आपत्तिजनक दस्तावेज जब्त किए गए।
- म्यूल बैंक खातों और हवाला नेटवर्क से जुड़े अहम सबूत मिले हैं।
कैसे चलता था नेटवर्क:
CBI जांच में सामने आया है कि महादेव ऑनलाइन बुक प्लेटफॉर्म विदेश से हेड ऑफिस के जरिए चलाया जाता था। भारत में इसका संचालन पैनल ऑपरेटरों के बड़े नेटवर्क के जरिए होता था। प्लेटफॉर्म पर क्रिकेट, फुटबॉल, कार्ड गेम सहित अन्य इवेंट्स पर सट्टा खिलाया जाता था।
CBI ने दर्ज की हैं 2 FIR:
छत्तीसगढ़ सरकार द्वारा जांच ट्रांसफर किए जाने के बाद CBI ने महादेव ऑनलाइन बुक मामले में 2 FIR दर्ज की हैं।
अब आगे क्या:
CBI ने कहा है कि विदेश में मौजूद अन्य आरोपियों और नेटवर्क से जुड़े लोगों की जांच जारी है। कुछ लोक सेवकों की भूमिका भी जांच के दायरे में है। अन्य फरार आरोपियों के प्रत्यर्पण की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है।
ED के अनुसार महादेव ऐप से जुड़े अपराध की रकम 10 हजार करोड़ से बढ़कर अब लगभग 92,000 करोड़ रुपए तक पहुंच गई है।

