रायपुर राजधानी में तेज रफ्तार कार ने छात्रा को रौंदा:पैर की हड्डी टूटी, हालत गंभीर, ड्राइवर गाड़ी छोड़कर भागा, स्कूल से लौटते वक्त हादसा..सीसीटीवी कैमरे में कैद घटना!

रायपुर में तेज रफ्तार कार की टक्कर से एक स्कूली छात्रा गंभीर रूप से घायल हो गई। हादसे में छात्रा के पैर की हड्डी टूट गई। पहले उसे प्राइवेट हॉस्पिटल ले जाया गया, जहां से गंभीर हालत को देखते हुए एम्स रेफर किया गया।

घटना का वीडियो भी सामने आया है। घायल छात्रा की पहचान महिमा ध्रुव (8) के रूप में हुई है। चौथी क्लास की स्टूडेंट है। वहीं, पुलिस ने परिजनों की शिकायत पर मामला दर्ज कर फरार कार चालक की तलाश शुरू कर दी है। घटना कोतवाली थाना क्षेत्र की है।

स्कूल से लौटते समय हुआ हादसा
पुलिस में दर्ज शिकायत के अनुसार, टिकरापारा निवासी आनंद दुर्गा ने बताया कि उनकी भांजी महिमा ध्रुव अपनी बहन खुशी ध्रुव और हर्ष ध्रुव के साथ स्कूल से ऑटो में घर लौट रही थी। तीनों कटोरा तालाब स्थित स्कूल से कंकाली तालाब पहुंचे और वहां से डीमार्ट गली की ओर पैदल जा रहे थे।

बुधवार शाम करीब 5:55 बजे शीतला मंदिर गली में पुरुषोत्तम अग्रवाल के घर के पास पहुंचते ही कंकाली तालाब की ओर से तेज रफ्तार में आ रही कार (CG 04 QH 9231) ने महिमा को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे के बाद चालक मौके से कार लेकर फरार हो गया।

हादसे के तुरंत बाद स्थानीय लोगों ने छात्रा को एंबुलेंस की मदद से श्रीकृष्णा अस्पताल, राजेंद्र नगर पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए डॉक्टरों ने उसे एम्स रायपुर रेफर कर दिया, जहां उसका इलाज जारी है।

पुलिस ने शुरू की चालक की तलाश

पीड़ित परिवार की शिकायत पर कोतवाली थाना पुलिस ने कार चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज और अन्य सबूतों के आधार पर फरार चालक की तलाश कर रही है।

वहीं, पुलिस का कहना है कि यह हादसा स्कूल से घर लौटने के दौरान हुआ। घायल छात्रा का इलाज एम्स रायपुर में जारी है। आरोपी चालक की तलाश के लिए पुलिस की टीम जुटी हुई है। जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा।