राजधानी में सेहत से खिलवाड़! पहले पाकिस्तानी गोरी क्रीम, अब महावीर नगर में बिना लाइसेंस क्रीम फैक्ट्री का खुलासा*

    रायपुर।* राजधानी रायपुर में प्रतिबंधित पाकिस्तानी गोरी क्रीम की बिक्री का मामला सामने आने के बाद अब अवैध तरीके से कॉस्मेटिक उत्पाद बनाने का भी बड़ा खुलासा हुआ है।

    फूड एंड ड्रग विभाग की टीम ने महावीर नगर स्थित एक क्रीम निर्माण केंद्र पर छापा मारकर बड़ी कार्रवाई की है।

    क्या मिला महावीर नगर में:

    जांच में पता चला कि यहां पिछले करीब 1 साल से कॉस्मेटिक क्रीम बनाई जा रही थी, जबकि निर्माण के लिए जरूरी लाइसेंस की वैधता पहले ही समाप्त हो चुकी थी।

    टीम ने कार्रवाई के दौरान तैयार क्रीम के साथ निर्माण और पैकेजिंग में इस्तेमाल होने वाली सामग्री भी जब्त की है।

    मौके से मॉम व्हाइटनिंग क्रीम, ग्लैमरिक्स और क्विंज पर्ल फेस सीरम जब्त किया गया है।

    जानकारी के अनुसार, महावीर नगर में महेंद्र सचदेवा के ठिकाने पर टीम पहुंची थी। पूछताछ में उसने विभाग को बताया कि उसे जानकारी नहीं थी कि उसके लाइसेंस की अवधि समाप्त हो चुकी है।

    विभाग ने अब नमूने लेकर जांच के लिए लैब भेज दिए हैं। बिना वैध लाइसेंस के निर्माण पर नियमानुसार कार्रवाई की तैयारी है।

    इससे पहले गोल बाजार में पकड़ी गई थी पाकिस्तानी क्रीम:

    इससे पहले रायपुर के गोल बाजार में पाकिस्तान में बनी प्रतिबंधित गोरी क्रीम की बिक्री का मामला सामने आया था।

    सूचना मिलने के बाद ड्रग विभाग की टीम ने कॉस्मेटिक दुकानों पर छापा मारा था। कार्रवाई के दौरान ओम ब्यूटी सेंटर से पाकिस्तान में बनी 236 क्रीम जब्त की गई थीं।

    इनमें 218 गोरी क्रीम और 18 चांदनी क्रीम शामिल थीं। जब्त क्रीम की कीमत करीब 1.25 लाख रुपये बताई गई थी।

    दुकानदार इसे 300 से 550 रुपये तक की कीमत में ग्राहकों को “7 दिन में गोरा होने” का दावा कर बेच रहे थे।

    क्यों है खतरनाक:

    • केंद्र सरकार ने 2 मई 2025 को अधिसूचना जारी कर पाकिस्तान से आने वाले सभी उत्पादों के आयात पर पूर्ण प्रतिबंध लगा दिया था।
    • CDSCO ने 8 सितंबर 2026 को ही देशव्यापी अलर्ट जारी कर ‘गोरी’ और ‘चांदनी’ क्रीम की बिक्री को भारत में पूरी तरह अनधिकृत घोषित किया था।
    • इन क्रीमों में मरकरी (पारा) होने की चेतावनी है। महाराष्ट्र के नागपुर में 18 महिलाओं में किडनी की परेशानी का मामला सामने आ चुका है, जिन्होंने ये क्रीम इस्तेमाल की थी। FDA जांच में क्रीम में पारे की मात्रा कई गुना अधिक पाई गई थी।

    अब विभाग क्या कर रहा है:

    नियंत्रक खाद्य एवं औषधि प्रशासन दीपक अग्रवाल के निर्देश पर जिले में कॉस्मेटिक उत्पादों की जांच के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है।

    विभाग अब UPI ट्रांजैक्शन और डिजिटल पेमेंट के आधार पर सप्लाई नेटवर्क को खंगाल रहा है कि प्रतिबंध के बावजूद ये क्रीम रायपुर के बाजारों तक कैसे पहुंची।

    ओम ब्यूटी सेंटर से मिली जानकारी और निशानदेही के आधार पर शहर के अन्य इलाकों में भी छापेमारी जारी है।

    इस कार्रवाई में औषधि नियंत्रण अधिकारी नीरज साहू, ईश्वरी नारायण सिंह, टेकचंद धीरहे, सुरेश कुमार साहू और लक्ष्मी कौशिक की टीम शामिल रही।

    जनहित अपील: अगर आप भी गोरी होने के लिए ऐसी क्रीम लगा रहे हैं, तो तुरंत सावधान हो जाएं। ये खूबसूरती नहीं, जहर है।