नॉमिनल नहीं, सीधा 74% झटका! छत्तीसगढ़ में बस किराया बढ़ा, डिप्टी CM बोले – “पेट्रोलियम महंगा हुआ है”

रायपुर – छत्तीसगढ़ में आम आदमी को महंगाई का एक और झटका लगा है। सरकार ने बसों के किराए में बेतहाशा बढ़ोतरी कर दी है।

इस पर प्रदेश के डिप्टी CM अरुण साव का बयान सामने आया है। उन्होंने कहा – “पेट्रोलियम पदार्थों के दाम बढ़े हैं, ट्रांसपोर्टर लंबे समय से किराया बढ़ाने की मांग कर रहे थे, इसलिए सरकार ने नॉमिनल वृद्धि की है।”

सरकार इसे नॉमिनल बता रही है, लेकिन यात्रियों की जेब पर सीधा 40% से 74% तक का भार पड़ा है। परिवहन विभाग ने 8 अक्टूबर को नया आदेश जारी किया है।

कितना बढ़ा किराया?
साधारण बस का किराया अब 5 किलोमीटर तक 10 रुपये और उसके बाद 1.75 रुपये प्रति किलोमीटर देना होगा। पहले यही किराया 1 रुपये से 1.25 रुपये था। यानी कई रूटों पर 74 फीसदी तक की बढ़ोतरी हो गई है। बेमेतरा से रायपुर का सफर जो 70 रुपये में होता था, अब 125 रुपये में होगा।

डीलक्स बस में 2.20 रुपये, AC स्लीपर में 3.20 रुपये और Volvo में 3.30 रुपये प्रति किलोमीटर की दर तय की गई है। रात में सफर पर 10% ज्यादा लगेगा।

रोजाना अप-डाउन करने वाले छात्रों, कर्मचारियों और मजदूरों ने इस फैसले का विरोध किया है। उनका कहना है कि सरकार के लिए ये मामूली हो सकता है, पर आम आदमी के लिए ये बड़ा बोझ है।