ग्रेटर नोएडा के दादरी थाना क्षेत्र में एक नवविवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई. उसकी शादी फिर 3 तीन महीने पहले हुई थी. मृतका मोनिका नागर की मां का आरोप लगाया है कि करोड़ों की प्रॉपर्टी के लालच में उनकी बेटी की हत्या की गई है. पुलिस ने केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है.
मां का आरोप- बेटी को फंसाकर शादी की
पुलिस के अनुसार, यह घटना दादरी थाना इलाके के घोड़ी बछेड़ा गांव की है. मृतका मोनिका नागर के परिजनों ने उसके पति पर गंभीर आरोप लगाए हैं. उनका कहना है कि अनुज चौहान ने बेटी को प्रेम जाल में फंसाकर तीन महीने पहले कोर्ट मैरिज की थी. इसके बाद से वह प्रॉपर्टी अपने नाम कराने का दबाव बना रहा था. गुरुवार 7 मई की शाम मोनिका ने घर फोन कर कहा- ससुराल वाले उसके साथ मारपीट कर रहे हैं. उसकी मां घोड़ी गांव पहुंची तो घर के बाहर भीड़ लगी थी. आरोप है कि उन्होंने बेटी मोनिका पति अनुज चौहान की कार में मृत अवस्था में देखा, जिसके बाद वह वहां से फरार हो गया. बाद में मोनिका का शव सड़क किनारे जली हुई हालत में मिला.
दादरी पुलिस ने बताया कि मोनिका नागर (22) अपनी मां के साथ म्यू-2 सेक्टर में किराए के मकान में रहती थी. कुछ समय पहले उसने अनुज चौहान निवासी ग्राम घोड़ी बछेडा के साथ कोर्ट मैरिज की थी. बाद में दोनों के परिजनों में शादी को लेकर सहमति हो गई गई. आरोप है कि कोर्ट मैरिज के बाद से मोनिका और अनुज के बीच पैसों के लेन-देन को लेकर विवाद हो रहा था. 7 मई 2026 को युवती ने अपने भाई को फोन करके बताया गया कि अनुज और उसके परिजन उसके साथ मारपीट कर रहे हैं. सूचना पर युवती के परिजन अनुज के घर पहुंचे तो पता चला कि ससुरालवालों ने मिलकर मोनिका की हत्या कर दी है.
परिजनों ने सीएम योगी से मांगा न्याय
थाना दादरी पुलिस का कहना है कि युवती के परिजनों की शिकायत पर केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है. आरोपी अनुज की तलाश की जा रही है. उसे जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा. वहीं, मृतका के परिजनों ने सीएम योगी से न्याय और आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है.

