उत्तर प्रदेश के बलिया में दिनदहाड़े हुए इस जानलेवा हमले में 45 वर्षीय स्टाम्प विक्रेता एवं अधिवक्ता रितेश तिवारी को बाइक सवार अज्ञात बदमाशों ने चाकू मार कर गंभीर रूप से घायल कर दिया है। वारदात के बाद स्थानीय पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो संदिग्धों को हिरासत में लिया है।
स्थानीय लोगों ने पहुंचाया अस्पताल
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, हमला इतना अचानक हुआ कि अधिवक्ता संभल भी नहीं सके. आसपास मौजूद लोगों ने उन्हें तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए वाराणसी रेफर कर दिया.
दो संदिग्ध हिरासत में, जमीन विवाद की जांच
अपर पुलिस अधीक्षक (दक्षिणी) संजय वर्मा ने दोपहर करीब 12:30 बजे जारी वीडियो बयान में बताया कि पुलिस ने घटना के संबंध में दो संदिग्धों को हिरासत में लिया है और उनसे पूछताछ की जा रही है. उन्होंने बताया कि शुरुआती जांच में दोनों पक्षों के बीच पुराना जमीन विवाद सामने आया है. हालांकि पुलिस किसी भी निष्कर्ष पर पहुंचने से पहले सभी पहलुओं की गहन जांच कर रही है.
एएसपी संजय वर्मा ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और साक्ष्य जुटाने के साथ जांच शुरू कर दी. उन्होंने कहा कि हिरासत में लिए गए दोनों संदिग्धों से पूछताछ की जा रही है. मामले में उपलब्ध साक्ष्यों और जांच के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी. पुलिस का कहना है कि घटना के पीछे की वास्तविक वजह का पता लगाने के लिए सभी संभावित एंगल पर जांच जारी है. दोषियों के खिलाफ साक्ष्यों के आधार पर सख्त कार्रवाई की जाएगी.

