छत्तीसगढ़ में गांजा तस्करी का एक बेहद शातिर और ‘क्रिएटिव’ तरीका सामने आया है। अंतरराज्यीय तस्करों ने पुलिस की आंखों में धूल झोंकने के लिए खुद को फेरीवाला बना लिया था। बाइक पर कपड़े लादकर ये लोग गली-गली कपड़े बेचने की आड़ में गांजा सप्लाई कर रहे थे।
बाइक पर कपड़ों के नीचे लोहे का सीक्रेट-बॉक्स मिला है। जिसमें गांजा छिपा रखे थे। पुलिस ने शक के आधार पर जांच की, तब इसका पता चला। पुलिस ने महासमुंद और धमतरी में 4 अलग-अलग कार्रवाई में 378 किलो गांजा बरामद किया है, जिसकी कीमत करीब 1.90 करोड़ रुपए है।
महासमुंद से 10 तस्कर और धमतरी में एक नाबालिग समेत 3 तस्करों को गिरफ्तार किया गया है। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि, गांजा ओडिशा से लाकर दूसरे राज्यों में सप्लाई किया जा रहा था। पुलिस का कहना है कि यह एक संगठित गिरोह है, जो नए-नए तरीके अपनाकर गांजा तस्करी कर रहा है।
महासमुंद: ‘कपड़े ले लो कपड़े’ की लगाते आवाज
महासमुंद जिले के बसना पुलिस को सूचना मिली थी कि, ओडिशा की तरफ से कुछ लोग गांजा लेकर महासमुंद की ओर आ रहे हैं। खबर मिलते ही पुलिस अलर्ट हो गई और रास्ते में घेराबंदी कर दी गई। कुछ देर बाद 5 बाइक कतार में आती दिखाई दीं। बाइक सवार लोगों के पास कपड़ों के गट्ठर थे और वे खुद को घूम-घूमकर कपड़े बेचने वाले फेरीवाले बता रहे थे।
पुलिस ने जब उनसे पूछताछ की तो उन्होंने बताया कि वे फेरी लगाकर कपड़ा बेचने का काम करते हैं। लेकिन पुलिस को उनकी बातों और गतिविधियों पर शक हुआ। इसके बाद पुलिस ने उनकी बाइक की तलाशी ली।
जांच के दौरान पुलिस ने देखा कि बाइक की पिछली सीट पर खास तरीके से लोहे का जाला और गुप्त कम्पार्टमेंट बनाया गया था। ऊपर कपड़े रखे गए थे, ताकि किसी को शक न हो। जैसे ही पुलिस ने कपड़ों को हटाकर अंदर देखा, भारी मात्रा में गांजा बरामद हुआ।
ओडिशा से मध्यप्रदेश ले जा रहे थे गांजा
इस कार्रवाई में पुलिस ने करीब 215 किलो गांजा जब्त किया और 5 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि गांजा ओडिशा के बालिगुड़ा से लाया जा रहा था और इसे मध्यप्रदेश ले जाया जाना था।
महासमुंद पुलिस ने कुल मिलाकर, तस्करी में इस्तेमाल 7 बाइक, 6 मोबाइल और गांजा छिपाने के लिए इस्तेमाल किए गए 5 लोहे के विशेष जाले भी बरामद किए।
ये आरोपी हुए गिरफ्तार
मेताप टाटिया (20) निवासी खंडवा, मध्यप्रदेश
रमेश चौहान (30) निवासी बैतूल, मध्यप्रदेश
राजू कुमावत टाकिया (25) निवासी बैतूल, मध्यप्रदेश
दीपक राजपूत (27), ललितपुर, उप्र.-मप्र. बॉर्डर
प्रकाश बंजारा (23), रायसेन, मध्यप्रदेश
मोहम्मद रिहान (37) अनुपपुर, मध्यप्रदेश
मनोज सिंह (36) अनुपपुर, मध्यप्रदेश
चंद्रशेखर (22) नागपुर, महाराष्ट्र
जितेंद्र (24) नागपुर, महाराष्ट्र
विकास (19) नागपुर, महाराष्ट्र

