छत्तीसगढ़ के कोरिया जिले से एक बेहद हैरान करने वाली और खौफनाक घटना सामने आई है. सोनहत थाना क्षेत्र के नौगई गांव में रेत तस्करी और अवैध खनन के विवाद को लेकर बीजेपी नेता व पूर्व जनपद पंचायत अध्यक्ष भरत सिंह उर्फ लल्ला सिंह की जिंदा जलाकर हत्या कर दी गई. इस हमले में अब तक दो लोगों की जान जा चुकी है, जबित तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हैं. घायलों को इलाज के लिए रायपुर रेफर किया गया है.
पेट्रोल छिड़ककर लगा दी आग
पुलिस के अनुसार, नौगई रेत घाट के ठेके को लेकर बीजेपी नेता भरत सिंह के परिवार का दूसरे गुट से लंबे समय से विवाद चल रहा था. देर रात करीब 12 बजे आरोपियों ने भरत सिंह के घर को घेर लिया. जब विवाद बढ़ा तो आरोपियों ने भरत सिंह की फॉर्च्यूनर कार के आगे और पीछे हाईवा अड़ाकर रास्ता रोक दिया. इसके बाद कार पर पेट्रोल छिड़ककर आग लगा दी.
दो लोगों की मौत, तीन घायल
आग लगने के वक्त कार में भरत सिंह समेत पांच लोग सवार था. भरत सिंह कार से बाहर नहीं निकल पाए और उनकी मौके पर ही जलकर मौत हो गई. बाकी चार लोग, वीरेंद्र सिंह, नागेंद्र सिंह, मयंक सिंह और योगेंद्र सिंह, किसी तरह जान बचाकर कार से बाहर निकले. लेकिन बाहर आते ही आरोपियों ने उन पर फरसे और लाठियों से बेरहमी से हमला कर दिया.
एक की मौत, घायलों की हालत गंभीर
गंभीर हालत में सभी घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया. इलाज के दौरान 28 वर्षीय वीरेंद्र सिंह की भी मौत हो गई, जिनके गले पर फरसे से वार किया गया था. इस तरह अब तक इस मामले में दो लोगों की मौत हो चुकी है. बाकी तीन घायलों की हालत नाजुक है, जिन्हें बेहतर इलाज के लिए रायपुर रेफर किया गया है.
पुलिस ने चार आरोपियों को किया गिरफ्तार
इस खूनी वारदा के बाद पूरे इलाके में भारी तनाव का माहौल है. पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए मुख्य आरोपी मनोज त्रिपाठी, अक्षत त्रिपाठी, विशाल त्रिपाठी और सत्यप्रकाश त्रिपाठी सहित चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है. कुल 7 लोगों के खिलाफ नामजद एफआईआर दर्ज की गई है और फरार 3 आरोपियों की तलाश में पुलिस छापेमारी कर रही है.

