अमित जोगी जी के फरार होने की खबरें भ्रामक एवं निराधार, 9 नवंबर को थाने में स्वयं उपस्थित होकर रखेंगे अपना पक्ष – JCCJ*

    रायपुर, 4 नवंबर 2026:*

    जनता कांग्रेस छत्तीसगढ़ (जे) के प्रदेश अध्यक्ष अमित जोगी के फरार होने की खबरों को पार्टी ने पूरी तरह भ्रामक और निराधार बताया है। पार्टी का कहना है कि अमित जोगी किसी कानूनी कार्रवाई से बचने के लिए प्रदेश से बाहर नहीं गए हैं, बल्कि उनका 2 से 8 नवंबर तक का दौरा पहले से निर्धारित निजी कार्यक्रम है।

    पार्टी ने पुलिस को सौंपा पक्ष

    पार्टी के प्रदेश संगठन महामंत्री निलेश चौहान ने बुधवार को सिविल लाइन थाने के थाना प्रभारी से मुलाकात की। उन्होंने अमित जोगी की ओर से ईमेल के माध्यम से भेजा गया जवाब पुलिस के सामने रखा।

    पार्टी के मुताबिक अमित जोगी 9 नवंबर को छत्तीसगढ़ लौटने के बाद स्वयं थाने पहुंचकर अपना पक्ष रखेंगे और पुलिस जांच में पूरा सहयोग करेंगे।

    पार्टी ने आरोप लगाया कि उनके पूर्व निर्धारित निजी कार्यक्रम को दर्ज FIR से जोड़कर फरार होने की खबरें प्रसारित की जा रही हैं, जो सही नहीं है। पार्टी ने कानून के प्रति सम्मान और न्यायिक प्रक्रिया में विश्वास जताया है।

    क्या है पूरा विवाद?

    पूरा विवाद अमित जोगी की ओर से सोशल मीडिया पर शेयर किए गए एक कथित ‘ज्ञानु-जानू’ वीडियो से जुड़ा है। आरोप है कि वीडियो में प्रधानमंत्री और मुख्य चुनाव आयुक्त जैसे दिखने वाले मुखौटे पहने दो व्यक्तियों को दिखाया गया था।

    इसको लेकर भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने रायपुर के सिविल लाइन थाने में शिकायत दर्ज कराई थी।

    पुलिस ने शिकायत के आधार पर 3 नवंबर को BNS की धारा 196, 352, 353(2), 356(2) और IT एक्ट की धारा 67 के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू की है। पुलिस ने जोगी निवास पर नोटिस भी चस्पा किया था, जिसमें 24 घंटे के भीतर थाने में उपस्थित होने का निर्देश था।

    विवाद बढ़ने के बाद अमित जोगी ने संबंधित पोस्ट हटा ली थी और सार्वजनिक रूप से माफी भी मांगी थी। उन्होंने कहा था कि संदेश देने का तरीका उचित नहीं था।

    पार्टी ने मीडिया और आम नागरिकों से भी अपील की है कि तथ्यों की पुष्टि किए बिना भ्रामक खबरें और अफवाहें न फैलाएं।