उत्तर प्रदेशकचहरी परिसर के पास पुलिसकर्मी और वकील के बीच मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया।घटना के बाद यूपी-112 में तैनात एक सिपाही को प्रथम दृष्टया अनुशासनहीनता और कथित अशोभनीय आचरण के आरोप में निलंबित कर दिया गया।

UP News: यूपी के कानपुर से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। जहां वर्दीधारी दो सिपाहियों से वकील की पहले तू-तू, मैं-मैं और फिर गालीगलौज के बाद लात-घूंसे चल गए। कभी सिपाही वकील पर भारी पड़ता तो कभी वकील सिपाही को दौड़ाकर पीटता। दोनों के बीच जमकर हुई मारपीट का वीडियो शुक्रवार को सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। जिसके बाद कमिश्नरेट पुलिस भी जांच में जुट गई।

सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा 2 मिनट 41 सेकंड का यह वीडियो सिविल लाइंस गुप्तार घाट के पास का और दो दिन पुराना बताया जा रहा है। वहीं वीडियो सामने आने के बाद कमिश्नरेट पुलिस सक्रिय हुई और 112 में तैनात सिपाही को सस्पेंड कर दिया, जबकि सस्पेंड चल रहे दूसरे सिपाही से जवाब तलब किया गया है। बताया जा रहा है कि गुप्तार घाट के पास दो दिन पहले निलंबित सिपाही दुष्यंत सिंह और 112 में तैनात सिपाही धीरज मिश्रा एक वाहन चालक को रोककर कागज चेक कर रहे थे। उसी दौरान वहां से गुजर रहे वकीलों का सिपाहियों से विवाद हो गया और नौबत हाथापाई तक आ गई।

वकील ने सिपाही को एक थप्पड़ जड़ा। उसके बाद लात-घूसों की बरसात कर दी। वायरल वीडियो में सिपाही को पांच लातें और 11 थप्पड़ जड़े गए। सिपाही ने भी वकील के बाल पकड़ लिए। साथी वकीलों के दबाव में सिपाही ने बाल छोड़ दिए तो वकील ने लात मार दी। सिपाही ने वकील का पैर पकड़कर उसे जमीन पर गिरा दिया। दूसरे वकीलों ने छुड़वाया तो जमीन पर गिरा वकील फिर सिपाही पर हावी हो गया। एक राहगीर ने सिपाही को छुड़वाया और किनारे ले गया। चंद सेकंड में ही वकील फिर दौड़कर आया और सिपाही को थप्पड़ और लात मारने लगा। पीछे से आवाज आ रही कि राहुल रहने दे…तब जाकर वकील शांत हुआ। वकीलों का आरोप था कि सिपाही नशे में वसूली कर रहे थे। पुलिस इस मामले में जांच के बाद मुकदमा दर्ज करने की बात कह रही है। उधर, क्षेत्रीय लोगों का आरोप है कि दोनों शराब के नशे में भी थे।