Chhattisgarh गरियाबंद / जिले में अवैध मादक पदार्थ तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत थाना मैनपुर पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने एर्टिगा कार से 63 किलो 900 ग्राम अवैध गांजा बरामद किया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार मुखबिर से सूचना मिली थी कि उड़ीसा से एक ग्रे कलर की एर्टिगा कार में भारी मात्रा में गांजा भरकर गरियाबंद-मैनपुर के रास्ते उत्तर प्रदेश ले जाया जा रहा है। सूचना पर थाना प्रभारी मैनपुर ने तत्काल टीम गठित कर नाकाबंदी की।
पुलिस को देखकर तस्कर कार को पानी भरे गड्ढे में छोड़कर फरार हो गए। मौके पर पहुंची पुलिस और वन अमला की संयुक्त टीम ने कार की तलाशी ली तो उसमें से टेप से लिपटे 12-13 पैकेट बरामद हुए। मौके पर ही इलेक्ट्रॉनिक तराजू से वजन कराया गया तो कुल 63.900 किलोग्राम गांजा होना पाया गया।
बताया जा रहा है कि बरामद गांजे की कीमत बाजार में करीब 13 से 15 लाख रुपये है। पुलिस ने मौके से एर्टिगा कार क्रमांक सहित गांजा, पैकिंग सामग्री जब्त कर ली है।
थाना मैनपुर में NDPS एक्ट की धारा 20(बी) के तहत अपराध दर्ज कर फरार आरोपियों की तलाश शुरू कर दी गई है। प्रारंभिक जांच में पता चला है कि यह खेप उड़ीसा के कालाहांडी/नवापाड़ा क्षेत्र से लाई जा रही थी और गरियाबंद होते हुए यूपी भेजी जानी थी।
इस पूरी कार्रवाई में थाना मैनपुर स्टाफ के साथ साइबर सेल गरियाबंद की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
SP गरियाबंद ने कहा है कि जिले में नशे के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा।

