नई दिल्ली / गुवाहाटी,नशीले पदार्थों की तस्करी के खिलाफ नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (NCB) ने बड़ी कार्रवाई की है। NCB की गुवाहाटी जोनल यूनिट ने 6 अक्टूबर को खुफिया जानकारी के आधार पर चलाए गए ऑपरेशन में दो ट्रकों से 53.937 किलोग्राम मेथामफेटामाइन (WY टैबलेट) जब्त की हैं। अंतरराष्ट्रीय अवैध बाजार में इसकी कीमत लगभग 43 करोड़ रुपये आंकी गई है।
फ्यूल टैंक में छिपा रखा था जखीरा
जांच के दौरान अधिकारियों को दोनों ट्रकों के फ्यूल टैंक के अंदर खास तौर पर बनाए गए गुप्त खाने मिले। तस्करों ने इन चैंबरों को इस तरह डिजाइन किया था ताकि नशीले पदार्थों को छिपाकर ले जाया जा सके और जांच एजेंसियों की नजर से बचा जा सके।
मणिपुर के दो तस्कर गिरफ्तार, तार म्यांमार से जुड़े
इस मामले में गिरफ्तार दोनों आरोपी मणिपुर के बिष्णुपुर जिले के रहने वाले हैं। शुरुआती जांच में पता चला है कि जब्त की गई ड्रग्स की बड़ी खेप म्यांमार से लाई गई थी।
NCB अब इस मामले में पूरे नेटवर्क की जांच कर रही है। एजेंसी का फोकस अंतरराष्ट्रीय सप्लायर, देश के भीतर खेप लेने वाले रिसीवर, फाइनेंसर और ट्रांसपोर्टरों की पहचान करना है ताकि पूरी सप्लाई चेन को ध्वस्त किया जा सके।
इसके अलावा NCB ने अपने विशेष “फरार आरोपी पकड़ो पखवाड़ा” अभियान के तहत 6 और वांछित आरोपियों को भी गिरफ्तार किया है, जिनमें 2 असम और एक-एक बिहार, मध्य प्रदेश, मणिपुर और त्रिपुरा के हैं।

