बुधवार शाम की बात है। दरभंगा से अमृतसर जा रही जननायक एक्सप्रेस (15211) मुरादाबाद से निकली ही थी। ट्रेन खचाखच भरी थी। एक बर्थ पर बिहार की एक महिला लेटी हुई थी।
तभी गोद में छोटा बच्चा लिए एक दूसरी महिला आई और बोली – “थोड़ा बैठने दो बहन।”
बस, यहीं से बात बिगड़ गई। सीट को लेकर दोनों परिवारों में पहले कहासुनी हुई, फिर गाली-गलौज और फिर हाथापाई तक पहुंच गई।
ट्रेन में ड्यूटी पर तैनात दो जीआरपी जवान – ललित सागर और अजय कुमार बीच-बचाव करने आए। उन्होंने लेटी हुई महिला से कहा कि बच्चे वाली महिला को थोड़ी जगह दे दो।
यहां से कहानी दो हिस्सों में बंट जाती है।
महिला का कहना है – जैसे ही उसने मोबाइल से वीडियो बनाना शुरू किया, जवान भड़क गए। उन्होंने थप्पड़ मारे, नीचे गिरा दिया। महिला का माथा फट गया, खून बहने लगा। बेटी बचाने आई तो उसे भी धक्का दिया।
वीडियो देखते ही सोशल मीडिया पर गुस्सा फूट पड़ा। लोग पूछ रहे हैं – रक्षक ही भक्षक कैसे बन गए?
पुलिस का कहना है – महिला और उसके साथ आए लोगों ने ही पुलिस पर हमला कर दिया। महिला की तीन बेटियों और दो युवकों ने मिलकर जवानों की वर्दी फाड़ दी, मारपीट की।
नजीबाबाद स्टेशन पर ट्रेन करीब 4 घंटे लेट पहुंची। जीआरपी और आरपीएफ ने दो युवकों – पिक्कू कुमार और चंदन ठाकुर को पकड़ लिया। महिला और उसकी बेटियां दूसरी ट्रेन से चली गईं।
अब इस मामले में 6 लोगों के खिलाफ नजीबाबाद जीआरपी में FIR हो गई है। लेकिन सवाल अभी भी वही है – किसने पहले मारा?
ट्रेन में मौजूद यात्री कहते हैं – गलती सीट की नहीं, गुस्से की थी। अगर थोड़ी सी जगह दे दी होती, तो ये खून-खराबा नहीं होता।
फिलहाल जांच मुरादाबाद जीआरपी को सौंप दी गई है। आरपीएफ के बड़े अफसर भी रात में ही नजीबाबाद पहुंच गए थे।
सवाल बड़ा है – ट्रेन में सफर कर रही एक मां-बेटी सुरक्षित क्यों नहीं?

