पुलगांव (दुर्ग), 20 नवंबर। ग्राम नागपुरा के सपूरा माता सहायता समूह की 12 महिला सदस्यों की शिकायत पर थाना पुलगांव पुलिस ने समूह की अध्यक्ष को 4,14,800 रुपये की राशि के गबन के आरोप में गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।
क्या था मामला?
ग्राम नागपुरा की महिलाओं ने 09.06.2022 को सपूरा माता सहायता समूह का गठन किया था, जिसमें कुल 12 महिलाएं सदस्य थीं। समूह के संचालन एवं आर्थिक लेन-देन के लिए छत्तीसगढ़ राज्य ग्रामीण बैंक, शाखा नागपुरा में बैंक खाता खोला गया था। समूह की सदस्य महिलाएं नियमित रूप से बचत राशि जमा करती थीं तथा समूह के खाते में शासकीय सहायता राशि भी प्राप्त हुई थी।
समूह की अध्यक्ष कीर्ति मंडले द्वारा सदस्यों से समय-समय पर राशि प्राप्त की जाती थी। 18.11.2026 को समूह की महिलाओं ने बैंक खाते में जमा राशि की जानकारी ली, तो अपेक्षित राशि खाते में उपलब्ध नहीं मिली। इस संबंध में अध्यक्ष से पूछताछ करने पर उसके द्वारा राशि खर्च हो जाना बताया गया तथा बैंक पासबुक एवं हिसाब-किताब उपलब्ध कराने में टालमटोल की गई।
इसके पश्चात समूह की महिलाओं ने आपसी जानकारी एकत्रित कर कुल 4,14,800 रुपये की राशि के गबन के संबंध में थाना पुलगांव में लिखित शिकायत प्रस्तुत की।
पुलिस की कार्रवाई
शिकायत पर थाना पुलगांव में अपराध क्रमांक 1017/2026, धारा 318(4) भारतीय न्याय संहिता के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया। विवेचना के दौरान पुलिस ने प्राप्त शिकायत एवं उपलब्ध तथ्यों के आधार पर कार्रवाई करते हुए आरोपी कीर्ति मंडले को 20.11.2026 को गिरफ्तार किया। आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेजा गया है।
गिरफ्तार आरोपी
कीर्ति मंडले, उम्र 28 वर्ष, निवासी ग्राम नागपुरा, चौकी नगपुरा, थाना पुलगांव, जिला दुर्ग।
पुलिस की अपील
दुर्ग पुलिस ने आम नागरिकों, विशेषकर महिला स्व-सहायता समूहों के सदस्यों से अपील की है कि समूह की बचत राशि एवं शासकीय सहायता राशि का लेन-देन पारदर्शी तरीके से करें। बैंक खाते का नियमित मिलान करें तथा पासबुक, बैंक विवरण एवं आय-व्यय का रिकॉर्ड सभी सदस्यों के साथ साझा करें। किसी भी प्रकार की आर्थिक अनियमितता अथवा धोखाधड़ी की आशंका होने पर तत्काल संबंधित थाने में शिकायत दर्ज कराएं।
महिला स्व-सहायता समूह की 4,14,800 रुपये की राशि का गबन, समूह अध्यक्ष गिरफ्तार*

