रायपुर के चर्चित ब्लैक करेंसी ठगी कांड में बड़ी कार्रवाई, 2 और आरोपी दबोचे, अब तक 11 गिरफ्तार, 4 करोड़ जब्त

रायपुर। तेलीबांधा थाना क्षेत्र के करोड़ों की ठगी वाले चर्चित Wash & Wash / Black Currency Scam मामले में रायपुर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट और तेलीबांधा पुलिस की संयुक्त टीम ने अंतर्राज्यीय गिरोह के 2 और आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इसके साथ ही इस मामले में गिरफ्तार आरोपियों की संख्या 11 हो गई है।
पुलिस ने पूर्व में 9 आरोपियों कनिज फातमा उर्फ भावना पांडेय, दीपिका पोलीवाल, ज्ञान प्रकाश श्रीवास्तव उर्फ योगी, प्रवीण श्रीवास्तव उर्फ कैप्टन, मनोज श्रीवास्तव उर्फ बड़े सर, विवेक सिंह, शुभम पांडेय, योगेन्द्र चौहान और बालमुकुंद दीक्षित को गिरफ्तार किया था। उनके पास से 4 करोड़ से अधिक नकदी, 20 मोबाइल, एटीएम कार्ड, नोट के आकार के काले पेपर, कांच की प्लेट्स और दस्तावेज जब्त किए गए थे, जिसकी कुल कीमत 4 करोड़ 2 लाख आंकी गई थी।
जप्त मोबाइलों के तकनीकी विश्लेषण और पूछताछ के बाद पुलिस को महाराष्ट्र कनेक्शन मिला। इसके आधार पर टीम ने मुंबई के पालघर जिले से रामायण सिंह उर्फ अभिषेक सिंह (39) और दीपक सिंह (46) को लोकेट कर गिरफ्तार किया। दोनों मीरा रोड और विरार वेस्ट के रहने वाले हैं।
थाना तेलीबांधा में अपराध क्रमांक 330/26, धारा 318(4), 61(2) BNS के तहत मामला दर्ज है। पुलिस दोनों आरोपियों से अन्य साथियों और ठगी के नेटवर्क को लेकर पूछताछ कर रही है।