हिमाचल की फैक्ट्री में पाउडर-भूसी से बन रही थी टाइफाइड और एसिडिटी की नकली दवा, UP-STF ने पकड़ा!

    लखनऊ / सोलन।* उत्तर प्रदेश STF ने हिमाचल प्रदेश की एक फैक्ट्री में छापा मारकर नकली दवाइयों के बड़े रैकेट का पर्दाफाश किया है। इस फैक्ट्री में ऐसी दवाइयां बनाई जा रही थीं जो लोगों की जान के लिए सबसे ज्यादा जरूरी हैं।

    STF के ASP ब्रजेश कुमार सिंह ने बताया कि फैक्ट्री में प्रमुख रूप से 3 नकली दवाइयां मिली हैं। इन्हें मिलावटी कहना भी गलत होगा, क्योंकि ये पूरी तरह नकली थीं। इनमें दवाई का कोई असली तत्व था ही नहीं, सिर्फ पाउडर और भूसी मिलाकर गोलियां तैयार की जा रही थीं।

    कौन-कौन सी 3 नकली दवाइयां मिलीं?

    1. C-AZ :
    ये एक एंटीबायोटिक है। ये दवा टाइफाइड बुखार, गले-टॉन्सिल, कान, साइनस, सांस की नली और फेफड़ों के बैक्टीरियल इन्फेक्शन में ली जाती है।
    सोचिए, अगर टाइफाइड के मरीज को नकली एंटीबायोटिक दे दी जाए तो उसकी जान तक जा सकती है।

    2. PAN-D :
    ये दवा एसिडिटी, गैस, पेट में जलन के लिए सबसे ज्यादा खाई जाती है। हर घर में मिलने वाली ये दवा भी यहां नकली बन रही थी।

    3. Pregabalin :
    ये दवा नसों के दर्द, मिर्गी के दौरे, घबराहट / चिंता में खाई जाती है। ये एक बहुत ही सेंसिटिव दवा है, जिसका गलत डोज या नकली होना मरीज को सीधे खतरे में डाल सकता है।

    कैसे बनाते थे नकली दवा?

    ASP ब्रजेश कुमार सिंह ने बताया कि फैक्ट्री में कई तरह का पाउडर, भूसी और केमिकल मिलाकर इन दवाइयों को तैयार किया जा रहा था। ऊपर से असली कंपनी जैसी पैकिंग, रैपर और बैच नंबर छापकर इसे बाजार में असली बताकर बेचने की तैयारी थी।

    UP-STF को लंबे समय से शिकायत मिल रही थी कि यूपी में नकली दवाइयां सप्लाई हो रही हैं। इसी पर जांच करते हुए टीम हिमाचल प्रदेश तक पहुंची और इस फैक्ट्री का भंडाफोड़ हुआ।

    STF की कार्रवाई जारी

    STF ने फैक्ट्री से भारी मात्रा में नकली दवाइयां, खाली रैपर, पाउडर, मशीनें और पैकिंग मटेरियल बरामद किया है। इस रैकेट में शामिल कई लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है कि ये नकली दवाइयां यूपी और देश के किन-किन राज्यों में सप्लाई की गई हैं।

    स्वास्थ्य विभाग की टीम भी अब इन दवाइयों के सैंपल जांच कर रही है।


    24×7 खुलासा की अपील:
    दवा लेते समय हमेशा बिल लें, एक्सपायरी और बैच नंबर जरूर चेक करें। सस्ते के लालच में बिना बिल की दवा न लें।