दुर्ग। केंद्रीय स्वास्थ्य व परिवार कल्याण और रसायन व उर्वरक मंत्री जेपी नड्डा के 30 अक्टूबर को दुर्ग आगमन को लेकर यातायात पुलिस ने रूट और पार्किंग प्लान जारी किया है।
यातायात पुलिस के अनुसार कार्यक्रम में शामिल होने वाली बसों की पार्किंग लक्ष्मी मार्केट पुलगांव में गेट नंबर 04 से 08 तक निर्धारित की गई है। चार पहिया और दोपहिया वाहनों की पार्किंग भारती विश्वविद्यालय, प्रताप बिजनेस पार्क और नवकार परिसर में होगी। वहीं VVIP वाहनों की पार्किंग महेश कॉलोनी में रहेगी।
30 अक्टूबर को दिन के समय दुर्ग शहर में गुरुद्वारा तिराहा-उतई तिराहा, जेल तिराहा-महाराजा चौक, पोटिया चौक-अंडा चौक-पुलगांव चौक-अंजोरा बाईपास-नयापारा महमरा रोड पर भारी और मध्यम मालवाहक वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। इस दिन दोपहर 12 से 2 बजे तक नो एंट्री में मिलने वाली छूट भी मान्य नहीं रहेगी।
कुम्हारी से नेहरू नगर चौक होते हुए महेश कॉलोनी तक VVIP रूट पर भारी वाहन खड़ा करना और दुकानें-ठेले लगाना प्रतिबंधित रहेगा।
प्रमुख रूट इस प्रकार हैं –
धमधा-अहिवारा से आने वाली बसें धमधा नाका-ग्रीन चौक-राजेन्द्र प्रसाद चौक-जेल तिराहा-महाराजा चौक-पोटिया चौक-पुलगांव चौक होते हुए लक्ष्मी मार्केट पार्किंग में जाएंगी।
पाटन-भिलाई से आने वाले छोटे वाहन जेल तिराहा-महाराजा चौक-पोटिया चौक होते हुए भारती विश्वविद्यालय पार्किंग में, बालोद-अंडा से आने वाले वाहन अंडा-चंदखुरी-पुलगांव चौक होते हुए, धमधा से आने वाले छोटे वाहन गंजपारा तिराहा होते हुए नवकार परिसर में पार्क होंगे। रायपुर-वैशाली नगर से आने वाले वाहन कुम्हारी-पावर हाउस-गुरुद्वारा तिराहा-मालवीय नगर चौक-जेल तिराहा होते हुए पार्किंग तक पहुंचेंगे।
यातायात पुलिस ने अपील की है कि सभी वाहन चालक निर्धारित पार्किंग का ही उपयोग करें और सड़क पर वाहन खड़ा न करें।
जेपी नड्डा के दुर्ग दौरे को लेकर ट्रैफिक एडवाइजरी जारी, इन रूटों पर भारी वाहनों की एंट्री बंद

