राजनांदगांव।* सोशल मीडिया पर अनजान लोगों से दोस्ती करना कितना खतरनाक हो सकता है, इसका ताजा उदाहरण राजनांदगांव में सामने आया है। इंस्टाग्राम पर दोस्ती कर एक युवती को अपने जाल में फंसाने, कैंसर पीड़ित होने का झूठा नाटक कर लाखों रुपये ऐंठने और फिर निजी फोटो-वीडियो वायरल करने की धमकी देकर ब्लैकमेल करने वाले आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।
क्या है पूरा मामला?
जानकारी के अनुसार पीड़िता की इंस्टाग्राम पर आरोपी से दोस्ती हुई थी। आरोपी ने पहले विश्वास जीता, फिर खुद को कैंसर पीड़ित बताया। इमोशनल झांसे में आकर युवती ने उसे लाखों रुपये दे दिए। इसके बाद आरोपी ने युवती के साथ दुष्कर्म किया और उसके निजी फोटो-वीडियो बना लिए।
बाद में उन्हीं फोटो-वीडियो को वायरल करने की धमकी देकर आरोपी लगातार युवती को ब्लैकमेल कर रहा था और और पैसे की मांग कर रहा था। परेशान होकर युवती ने राजनांदगांव साइबर थाने में शिकायत दर्ज कराई।
गुजरात से हुई गिरफ्तारी
शिकायत के बाद राजनांदगांव साइबर पुलिस ने तकनीकी जांच शुरू की और आरोपी की लोकेशन गुजरात के सूरत में ट्रेस की। टीम ने सूरत में दबिश देकर 19 वर्षीय आरोपी रोनक सिंह को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उसके कब्जे से घटना में प्रयुक्त मोबाइल फोन और एटीएम कार्ड भी जब्त किया है, जिसमें ठगी के पैसे ट्रांसफर किए गए थे।
पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है कि क्या उसने इसी तरह और भी लोगों को अपना शिकार बनाया है। आरोपी के खिलाफ दुष्कर्म, ठगी, और आईटी एक्ट की धाराओं में मामला दर्ज किया गया है।
R KHULASA 24×7 की अपील: सोशल मीडिया पर अनजान लोगों से निजी जानकारी, फोटो या पैसे शेयर करने से बचें। किसी भी ब्लैकमेलिंग की स्थिति में तुरंत नजदीकी साइबर थाने में शिकायत करें।

