जशपुर। छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले में अवैध हथियारों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पत्थलगांव पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने खौफ फैलाने की नीयत से देशी कट्टा लेकर घूम रहे एक आदतन बदमाश को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से एक देशी कट्टा, एक जिंदा कारतूस और एक खोखा बरामद किया है।
मिली जानकारी के अनुसार, पत्थलगांव थाना क्षेत्र के चिडरापारा निवासी मुकेश सिदार उर्फ नान्ही अवैध देशी कट्टा लेकर इलाके में घूम रहा था। सूचना मिलने पर पुलिस ने घेराबंदी कर आरोपी को हिरासत में लिया। पूछताछ के दौरान उसके पास से एक देशी कट्टा, एक जिंदा कारतूस और एक खोखा बरामद किया गया।
पुलिस के अनुसार, आरोपी आदतन बदमाश है और हथियार लेकर क्षेत्र में लोगों के बीच भय का माहौल बनाने की कोशिश कर रहा था। आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।

