CG NEWS:बलरामपुर-रामानुजगंज पुलिस की अब तक की सबसे बड़ी कार्यवाही में अंतरराज्यीय नशा तस्करी के मुख्य मास्टरमाइंड लोकेश को गिरफ्तार किया…Video

Chhattisgarh-बलरामपुर :बसंतपुर थाना क्षेत्र में छत्तीसगढ़ यूपी चेकपोस्ट पर ओडिशा से ट्रक में गांजा तस्करी करने वाले दो आरोपियों को पुलिस ने पकड़ा है. बलरामपुर साइबर सेल पुलिस और एएनटीएफ की टीम ने लगभग 10 करोड़ रूपए की गांजे की खेप जब्त की है. इस तस्करी में संलिप्त दो आरोपी लोकेश शर्मा और अनीश अंसारी को गिरफ्तार किया है दोनों आरोपी यूपी के रहने वाले हैं. इनमें लोकेश शर्मा दिसंबर में पकड़ी गई गांजे की खेप के प्रकरण में संलिप्त था और फरार चल रहा था.इसे पुलिस लगातार ट्रैक कर रही थी.

फरार आरोपी को ट्रैक कर रही थी पुलिस
बलरामपुर जिले के पुलिस अधीक्षक वैभव बैंकर ने जानकारी देते हुए बताया कि बलरामपुर जिले के बसंतपुर थाना क्षेत्र में दिसंबर में एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई किया गया था. जिसमें करीब बारह क्विंटल गांजा के साथ तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया था. इसी एफआईआर के तारतम्य में एंड टू एंड विवेचना की कार्रवाई की जा रही थी.

मामले में फरार आरोपी लोकेश शर्मा को पकड़ने के लिए लगातार प्रयास किया जा रहा था. इसमें बलरामपुर पुलिस और साइबर सेल ने लोकेश शर्मा को लगातार ट्रैक और मॉनिटर किया. कुछ बैकग्राउंड एनालिसिस के बाद हमें पता चला था कि लोकेश शर्मा इसी क्षेत्र में दोबारा किसी संदिग्ध गतिविधि करने के लिए दोबारा एक्टिव हुआ है. टेक्निकल एनालिसिस और बैकग्राउंड चेक करने के बाद हमारे तीनों बसंतपुर पुलिस एएनटीएफ और साइबर सेल ने लोकेश शर्मा को ट्रेस कर बसंतपुर थाना क्षेत्र में पकड़ा – वैभव बैंकर,एसपी

दस करोड़ का गांजा जब्त

पुलिस अधीक्षक ने बताया कि ट्रक की चेकिंग के दौरान अवैध मादक पदार्थ गांजा मिला. एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई में कुल 1941 किलो गांजा बरामद किया गया है. साथ ही ट्रक वाहन जिसकी कीमत लगभग पचास लाख रूपए है,इसे जब्त किया गया है. ये गांजा ओडिशा से छत्तीसगढ़ होते हुए यूपी ले जाया जा रहा था. गिरफ्तार दोनों आरोपियों को न्यायालय ने रिमांड पर भेजा है.