छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में स्थित भिलाई स्टील प्लांट से 250 टन लोहे की चोरी हुई है, जिसकी कीमत करीब 1 करोड़ रुपए है। पुलिस ने हथखोज और अकलोरडीह इलाके के एक गोदाम से चोरी का लोहा जब्त किया है। मामला भिलाई-3 थाना क्षेत्र का है।
बताया जा रहा है, फ्लाई ऐश के नीचे लोहा छिपाकर प्लांट से बाहर निकाला जा रहा था, लेकिन किसी को भनक तक नहीं लगी। प्लांट की सुरक्षा में CISF के जवान तैनात रहते हैं। इसके अलावा पूरे परिसर में सैकड़ों CCTV कैमरे लगे हुए हैं। पुलिस को शक है कि, अंदरूनी मिलीभगत के यह संभव नहीं है।
इस मामले में पुलिस ने 4 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी पिछले चार-पांच महीनों से लोहे की चोरी कर रहे थे।
आरोपियों के कब्जे से करीब 250 टन लोहे का प्लेट और बीम कटिंग जब्त की गई है, जिसकी कीमत लगभग 90 लाख रुपए है। वहीं वाहनों समेत कुल करीब 3 करोड़ 22 लाख रुपए की संपत्ति जब्त की गई है।
जानिए पूरा मामला
दरअसल, पुलिस को पिछले कुछ समय से लगातार शिकायतें मिल रही थीं कि भिलाई स्टील प्लांट से लोहे की प्लेटें और स्क्रैप चोरी कर बाहर सप्लाई किया जा रहा है।
ऐसे में रोजाना कई ट्रक और हाईवा प्लांट से बाहर निकलते थे। 27 मई को पुलिस टीम ने संदिग्ध वाहनों पर नजर रखी और उनका पीछा करते हुए हथखोज स्थित एक गोदाम तक पहुंची। जैसे ही ट्रक गोदाम के अंदर पहुंचे, पुलिस ने चारों ओर से घेराबंदी कर दी।
छावनी CSP प्रशांत कुमार पैकरा और भिलाई-3 थाना पुलिस की टीम ने मौके पर मौजूद लोगों से दस्तावेज मांगे, लेकिन जब्त लोहे से संबंधित कोई लीगल डॉक्यूमेंट दिखा नहीं सके। इसके बाद पुलिस ने पूरे यार्ड और गोदाम की जांच की।
गोदाम में मिला 250 टन से ज्यादा लोहा
जांच में गोदाम से करीब 250 टन संदिग्ध लोहा बरामद किया गया। पुलिस को आशंका है कि यह लोहा BSP की SMS-3 यूनिट से चोरी कर यहां जमा किया गया था। ट्रकों के ऊपर फ्लाई ऐश डाली जाती थी, जबकि नीचे भारी मात्रा में लोहा छिपाकर रखा जाता था।
पुलिस ने जब दो हाईवा वाहनों की जांच की तो ऊपर फ्लाई ऐश दिखाई दी, लेकिन अंदर टनों के हिसाब से लोहा भरा मिला।
BSP ने बनाई जांच समिति
घटना के बाद भिलाई स्टील प्लांट प्रबंधन ने अलग से एक जांच समिति गठित की है, जो पूरे नेटवर्क और इसमें शामिल लोगों की भूमिका की जांच करेगी।
पुलिस ने मौके से मिले सैकड़ों टन लोहे को बीएनएसएस की धारा 106 के तहत जब्त कर लिया है। साथ ही पूरे गोदाम को सील कर दिया गया है। मामले की जांच जारी है। पुलिस ड्राइवरों से पूछताछ कर रही है और BSP प्रबंधन को भी पत्र भेजा गया है।
4 आरोपियों की गिरफ्तारी
भिलाई नगर सीएसपी सत्य प्रकाश तिवारी ने बताया कि, पुलिस को सूचना मिली थी कि अकलोरडीह स्थित एके ट्रेडर्स नामक यार्ड में भिलाई स्टील प्लांट (BSP) से चोरी किया गया लोहा लाकर डंप किया जा रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर दबिश देकर रेड कार्रवाई की।
गिरफ्तार आरोपी-
मीथेन ठाकुर – निवासी सिकोला बस्ती, मोहन नगर, दुर्ग चिंतानंद साहू (उम्र 40) – निवासी बाबा दीप सिंह नगर, वैशाली नगर गीतेश वर्मा (उम्र 36 वर्ष) – निवासी टाटा लाइन, कोहका निर्मल सिंह (उम्र 52) – निवासी EWS-697, वैशाली नगर

