छत्तीसगढ़ के महासमुंद जिले में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे “ऑपरेशन निश्चय” के तहत पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है।
थाना सिंघोड़ा और एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (ANTF) की संयुक्त टीम ने अंतर्राज्यीय सीमा पर नाकाबंदी के दौरान एक कंटेनर से 111 किलो 350 ग्राम गांजा बरामद किया है। जब्त गांजे की बाजार में अनुमानित कीमत 55 लाख 67 हजार 500 रुपये आंकी गई है।
कैसे पकड़े गए तस्कर?
पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि कंटेनर वाहन क्रमांक RJ 14 GV 0484 में ओडिशा से छत्तीसगढ़ की ओर भारी मात्रा में गांजा लाया जा रहा है। इस कंटेनर की पायलटिंग KIA कैरेंस कार क्रमांक OD 11 AC 3003 से की जा रही थी।
सूचना मिलते ही पुलिस ने तुरंत NH-53 पर ग्राम रेहटीखोल के पास घेराबंदी की। दोनों वाहनों को रोककर तलाशी ली गई तो कंटेनर के अंदर बोरियों में छिपाकर रखा गया गांजा बरामद हुआ।
7 आरोपी गिरफ्तार
पुलिस ने मौके से कुल 7 आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जिनमें उत्तर प्रदेश के 3 और ओडिशा के 4 लोग शामिल हैं। सभी आरोपी ओडिशा से गांजा लेकर उत्तर प्रदेश और अन्य राज्यों में सप्लाई करने की फिराक में थे।
पुलिस ने दोनों वाहन, गांजा और मोबाइल फोन जब्त कर NDPS एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस का बयान: महासमुंद पुलिस अधीक्षक ने बताया कि जिले में गांजा तस्करी, परिवहन और बिक्री पर रोक लगाने के लिए लगातार चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। आगे भी ऐसी कार्रवाई जारी रहेगी।

