CG NEWS:जशपुर में धर्मांतरण का मुद्दा फिर गरमाया!*4 गांवों में पास्टर-फादर-सिस्टर की NO ENTRY

    जशपुर जिले की 4 ग्राम पंचायतों – सोगड़ा, चढ़िया (चड़िया), डूमरटोली और टेम्पू (कहीं-कहीं केसरा भी बताया जा रहा है) में ग्रामसभा के प्रस्ताव के बाद गांव के प्रवेश मार्ग पर बड़े-बड़े सूचना बोर्ड लगा दिए गए हैं।

    इन बोर्डों में लिखा है कि पास्टर, फादर और सिस्टर के गांव में प्रवेश पर प्रतिबंध है। ये बोर्ड मनोरा जनपद पंचायत क्षेत्र के गांवों में लगे हैं।

    बोर्ड लगाने के समय जशपुर विधायक रायमुनी भगत मौजूद थीं। 20 नवंबर को सोगड़ा में सामाजिक बैठक हुई थी, जिसमें आदिवासी समाज के प्रमुखों ने चर्चा के बाद बोर्ड लगाने का फैसला किया।

    बोर्ड में क्या लिखा है?

    बोर्ड में PESA कानून 1996 की धारा 4(घ) का हवाला दिया गया है।

    लिखा है कि – पेसा कानून के तहत ग्रामसभा को अपनी सांस्कृतिक पहचान और रूढ़िवादी संस्कृति को संरक्षित करने का अधिकार है। गांव में आदिवासियों को प्रलोभन देकर मतांतरण कराने से सांस्कृतिक पहचान को नुकसान हो रहा है, इसलिए मतांतरितों के फादर, पास्टर, सिस्टर के साथ मतांतरण के लिए होने वाले किसी भी आयोजन के लिए बाहर से आने वाले व्यक्तियों पर प्रतिबंध लगाया जाता है।

    जनजातीय समाज का पक्ष – क्यों लगाया बोर्ड?

    • सरपंच सोगड़ा, बांधो बाई का आरोप है कि बाहर से पास्टर-सिस्टर आकर आदिवासियों को प्रलोभन देकर धर्मांतरण कराते हैं।
    • जनपद अध्यक्ष गंगा राम भगत ने कहा – उरांव समाज धर्मांतरण के खिलाफ जागरूकता फैला रहा है।
    • आदिवासी नेता संतन भगत का दावा – पड़ोसी राज्य से 100 से ज्यादा लोग धर्मांतरण की नीयत से इलाके में घुसे थे, इसलिए गांव वालों ने बोर्ड लगाया।
    • उनका कहना है – ये सिर्फ 4 गांव तक नहीं रुकेगा, जिले के दूसरे गांवों में भी ऐसे बोर्ड लगाए जाएंगे और गांव-गांव जागरूकता अभियान चलेगा।

    दूसरा पक्ष – विरोध

    ईसाई आदिवासी महासभा के प्रदेशाध्यक्ष अनिल किस्पोट्टा ने कड़ा विरोध जताया है।

    उनका कहना है:

    “बोर्ड लगाकर समाज को तोड़ने का काम किया जा रहा है। धर्मांतरण को बोर्ड लगाकर नहीं, बल्कि जनजागरूकता से रोका जा सकता है।

    उन्होंने कहा कि 5वीं अनुसूची वाले इलाकों में ग्रामसभा की शक्तियों का गलत इस्तेमाल हो रहा है और इससे समाज में दूरी बढ़ेगी।

    प्रशासन का क्या कहना?

    जशपुर SDM ओंकारेश्वर सिंह ने कहा है कि ग्राम पंचायतें स्वायत्त निकाय हैं, लेकिन उन्हें बोर्ड लगाए जाने की जानकारी नहीं है। जानकारी लेकर मामले को देखा जाएगा।

    ये पहली बार नहीं है। इससे पहले बस्तर में 50 से ज्यादा ग्राम पंचायतों ने भी धर्मांतरण के लिए ईसाई धर्मगुरुओं के प्रवेश पर रोक के प्रस्ताव पास किए थे।