CG-NEWS-गरियाबंद पुलिस की बड़ी कार्यवाही 01 क्विंटल 56 किलो ग्राम अवैध गांजा मादक पदार्थ के साथ विधि से संघर्षरत बालक सहित 05 अंतर्राज्यीय तस्कर को किया गया गिरफ्तार।

गरियाबंद छत्तीसगढ़ के गरियाबंद जिले में पुलिस ने मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 156.06 किलोग्राम अवैध गांजा जब्त किया है। इस कार्रवाई में विधि से संघर्षरत एक बालक सहित कुल 5 लोगों को पकड़ा गया। पुलिस ने गांजा परिवहन में इस्तेमाल की गई दो चारपहिया गाड़ियां भी जब्त की हैं। कुल जप्ती का मूल्य करीब 86 लाख 53 हजार रुपये बताया गया है।

पुलिस के अनुसार, उड़ीसा की ओर से भारी मात्रा में गांजा लेकर वाहन आने की सूचना मिली थी। इसके बाद थाना देवभोग पुलिस ने अलग-अलग स्थानों पर घेराबंदी कर जांच शुरू की।

पहली कार्रवाई में ग्राम मुरलीगुड़ा डोंगरीपारा मार्ग पर एक सफेद स्विफ्ट डिजायर (MP 04 BD 7321) को रोकने की कोशिश की गई। पुलिस को देखकर चालक ने तेजी से भागने की कोशिश की लेकिन वाहन जाकर नीम के पेड़ से टकरा गया। इसके बाद टीम ने वाहन को घेरकर उसमें सवार लोगों को पकड़ा।

तलाशी में कार से तीन प्लास्टिक बोरियों में 80 किलो गांजा बरामद हुआ, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 40 लाख रुपये बताई गई।

इसी दौरान दूसरी सूचना पर पुलिस टीम ने एक पुलिया के पास घेराबंदी कर मारुति सुजुकी एस-क्रॉस (MP 04 KG 0614) को रोका। वाहन की जांच में चार बोरियों से 76.06 किलो गांजा मिला, जिसकी कीमत लगभग 38.03 लाख रुपये आंकी गई।

दोनों कार्रवाई मिलाकर पुलिस ने 156.06 किलो गांजा और दोनों वाहन जब्त किए।

पुलिस ने दोनों मामलों में एनडीपीएस एक्ट के तहत अपराध दर्ज कर लिया है। पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजा गया है। नाबालिग का मामला किशोर न्याय प्रक्रिया के अनुसार आगे बढ़ाया जाएगा।

पकड़े गए आरोपी भोपाल (मध्यप्रदेश) के रहने वाले बताए गए हैं।
पुलिस अब यह भी जांच कर रही है कि गांजा की खेप कहां से लाई गई थी और इसकी सप्लाई किन इलाकों में होनी थी।

गरियाबंद पुलिस ने लोगों से अपील की है कि मादक पदार्थों की खरीद-बिक्री या परिवहन से जुड़ी किसी भी सूचना की तत्काल जानकारी पुलिस को दें। सूचना देने वालों की पहचान गोपनीय रखने की बात कही गई है।