CG crime:सूर्योदय प्लांट के गार्ड से मोबाइल लूटकर चाकू से हमला करने वाले 3 लुटेरे चंद घंटों में गिरफ्तार लूटा मोबाइल, चाकू व साक्ष्य जब्त।


रायगढ़ – छत्तीसगढ़ वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के दिशा-निर्देशन पर कल पूंजीपथरा पुलिस ने सूर्योदय प्लांट के सुरक्षा गार्ड से मोबाइल लूटकर चाकू से हमला करने वाले तीन आरोपियों को घटना के चंद घंटों के भीतर गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।

 जानकारी के अनुसार प्रार्थी कुबेर कुमार यादव (25 वर्ष), निवासी ग्राम ढोढ़ीआरा, थाना तपकरा, जिला जशपुर, वर्तमान निवासी सूर्योदय प्लांट कॉलोनी, पूंजीपथरा ने 14 जुलाई 2026 को थाना पूंजीपथरा में रिपोर्ट दर्ज कराई कि 13 जुलाई 2026 की शाम करीब 4:30 बजे वह कंपनी से ग्राम तुमीडीह बाजार जाने के लिए पैदल निकला था। कंपनी के मुख्य द्वार से लगभग 100-200 मीटर आगे पहुंचने पर एक मोटरसाइकिल पर सवार तीन युवकों ने उसे घेर लिया और मोबाइल, पर्स तथा रुपये निकालने की मांग की। विरोध करने पर आरोपियों में से एक ने धारदार चाकू से उसके पेट के पास वार कर घायल कर दिया तथा उसकी जेब से VIVO T3 एंड्रॉयड मोबाइल (कीमत लगभग ₹11,000) एवं पर्स लूटकर मोटरसाइकिल से फरार हो गए।

 प्रार्थी की रिपोर्ट पर थाना पूंजीपथरा में अपराध क्रमांक 171/2026 के तहत धारा 309(6) एवं 3(5) भारतीय न्याय संहिता (BNS) के अंतर्गत अपराध पंजीबद्ध कर तत्काल विवेचना प्रारंभ की गई।

   विवेचना के दौरान आरोपियों 1- कुलदीप सिंह (33 वर्ष), निवासी बेला झरिया थाना मरवाही जिला गौरेला पेंड्रा मरवाही हाल मुकाम वेज्रौन कंपनी क्वार्टर, पूंजीपथरा 2- जगन्नाथ सोनी उर्फ सोनू (21 वर्ष) ग्राम कचकोबा थाना तमनार हाल मुकाम एनआर इस्पात देलारी पूंजीपथरा एवं 3- अनिकेत धनवार (19 वर्ष) निवासी ग्राम कसडोल थाना तमनार को 14 जुलाई 2026 को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।