CG breaking:बिलासपुर-पेंड्रा मुख्य मार्ग पर पुल धसने के कारण बीच में फंसी यात्री बस। सभी यात्री सुरक्षित..Video

rkhulasa-02-08-26-17-56-54

गौरेला पेण्ड्रा मरवाही. बिलासपुर-रतनपुर-पेंड्रा मार्ग पर उस वक्त बड़ा हादसा टल गया, जब बांसाझाल स्थित जर्जर पुल अचानक दो हिस्सों में टूटकर ढह गया. पुल ढहने के दौरान उस पर से गुजर रही यात्री से भरी बस बीचों-बीच फंस गई. गनीमत यह रही कि बस नीचे नदी में नहीं गिरी और समय रहते बड़ा हादसा टल गया. बस में सवार सभी यात्री सुरक्षित बताए जा रहे हैं. ​

 प्रत्यक्षदर्शियों और बस के सहचालक (कंडक्टर) का कहना है कि यात्री बस जैसे ही बांसाझाल पुल के बीच पहुंची, तभी अचानक तेज धमाके के साथ पुल का स्लैब धंस गया. देखते ही देखते पुल दो हिस्सों में बंट गया और बस टूटे हुए हिस्से के किनारे पर जाकर अटक गई. घटना से बस में सवार यात्रियों के बीच अफरा-तफरी मच गई. हालांकि बस खाई में गिरने से बच गई. इसके बाद सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया.

जानकारी के मुताबिक, पुल टूटने के बाद इस मुख्य मार्ग पर आवागमन पूरी तरह प्रभावित हो गया है. हादसे के कारण मनेंद्रगढ़ से बिलासपुर, पेंड्रा, गौरेला और अमरकंटक के साथ-साथ पड़ोसी राज्य मध्य प्रदेश के जबलपुर का सीधा संपर्क भी कट गया है. सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गई हैं. कई यात्री बसें और मालवाहक वाहन रास्ते में ही फंस गए हैं.

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन और पुलिस की टीम मौके के लिए रवाना हो गई है. फंसे हुए यात्रियों को सुरक्षित उनके गंतव्य तक भेजने और वैकल्पिक मार्गों से यातायात बहाल करने के प्रयास शुरू कर दिए गए हैं. प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि वे फिलहाल इस मार्ग पर यात्रा करने से बचें और डायवर्जन रूट का पालन करें.

You may have missed