CG-बिलासपुर :कल हुए भयानक सड़क हादसे का CCTV सामने आयादेखिए कैसे एक नाबालिग ने अपनी तेज रफ्तार कार से एक्टिवा सवार 11वीं के छात्र को जोरदार टक्कर मारी,गंभीर रूप से घायल छात्र की इलाज के दौरान मौत हो गई

बिलासपुर में रविवार को दो अलग-अलग हादसों में दो लोगों की मौत हो गई। वेयर हाउस रोड पर तेज रफ्तार अनियंत्रित कार ने पहले स्कूटी सवार छात्र को जोरदार टक्कर मार दी। इसके बाद कार अनियंत्रित होकर सामने से गुजर रही एक स्कूल की मिनी बस से जा भिड़ी। इस हादसे में स्कूटी सवार छात्र की मौत हो गई।

इस हादसे का सीसीटीवी वीडियो भी सामने आया है, जिसमें कार की टक्कर से स्कूटी सवार छात्र फूटबाल की तरफ 10 फीट ऊपर हवा में उछलते हुए दिख रहा है। वहीं, मल्हार में हाईवा की टक्कर से एक युवक की मौत हो गई। जबकि, दो लोग गंभीर रूप से घायल हैं। पुलिस दोनों मामलों की जांच कर रही है।

सुबह करीब साढ़े 7 बजे एक कार क्रमांक सीजी 10 बीएच 7752 तेज रफ्तार से वेयरहाउस रोड की ओर जा रही थी। संजीवनी अस्पताल के सामने चालक ने लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाते हुए सामने से आ रही स्कूटी को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि स्कूटी सवार लड़का कई फीट दूर उछलकर सड़क पर गिर पड़ा और गंभीर रूप से घायल हो गया।

स्कूटी को टक्कर मारने के बाद चालक कार पर नियंत्रण नहीं रख सका। अनियंत्रित कार सामने से गुजर रही एक स्कूल की मिनी बस क्रमांक सीजी 10 एनबी 8858 से जा टकराई। टक्कर से बस का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। राहत की बात यह रही कि बस में उस समय ऐसा कोई बड़ा हादसा नहीं हुआ और उसमें सवार लोगों को गंभीर चोट नहीं आई।

आसपास के लोगों ने पहुंचाया अस्पताल

हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास के लोगों ने तत्काल घायल युवक को उपचार के लिए सिम्स अस्पताल पहुंचाया। घायल की पहचान रुद्र प्रताप शर्मा पिता मुकेश शर्मा (16 वर्ष) निवासी अभिषेक नगर, मंगला के रूप में हुई। वह स्कूली छात्र था।

चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए अपोलो अस्पताल रेफर किया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। युवक की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में मातम छा गया।

घटना के बाद तुरंत फरार हुए कार सवार

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार दुर्घटना के तुरंत बाद कार चालक और उसमें सवार अन्य लोग वाहन वहीं छोड़कर मौके से फरार हो गए। सूचना मिलने पर सिविल लाइन पुलिस मौके पर पहुंची, घटनास्थल का निरीक्षण किया और दुर्घटनाग्रस्त कार को जब्त कर लिया।

नाबालिग के वाहन चलाने की आशंका

घटनास्थल पर मौजूद लोगों का कहना है कि हादसे के समय कार एक नाबालिग चला रहा था। दुर्घटना के बाद उसके साथ मौजूद लोग भी तत्काल वहां से भाग निकले। हालांकि, पुलिस ने इस संबंध में आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।

पुलिस का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज, प्रत्यक्षदर्शियों के बयान और वाहन के दस्तावेजों के आधार पर चालक की पहचान की जा रही है। यदि जांच में यह पुष्टि होती है कि वाहन नाबालिग चला रहा था, तो मोटर वाहन अधिनियम और अन्य प्रासंगिक धाराओं के तहत वाहन स्वामी सहित संबंधित लोगों के खिलाफ भी वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

सीसीटीवी वीडियो आया सामने, 10 फीट हवा में उछला छात्र

इस हादसे के बाद पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की। जांच के दौरान एक सीसीटीवी कैमरे में यह घटना रिकार्ड हुई है, जिसमें कार चालक तेजी व लापरवाहीपूर्वक चलाते हुए दिख रहा है। पहले रोड क्रास कर रहे एक युवक ने किसी तरह अपनी जान बचाई, जिसके बाद अनियंत्रित कार ने स्कूटी को चपेट में ले लिया।

कार की टक्कर से स्कूटी सवार छात्र फुटबाल की तरह हवा में 10 फीट ऊपर उछल कर सड़क से दूर जा गिरा, जिसके बाद कार ने स्कूल की मिनी बस को टक्कर मार दी। वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने कार चालक की तलाश तेज कर दी है।