मध्य प्रदेश के बुरहानपुर से एक ऐसी तस्वीर सामने आई है जिसने हर किसी की आंखें नम कर दी हैं। एक महिला अपने पति को कंधे पर लादकर कलेक्टर ऑफिस की सीढ़ियां चढ़ रही है। हाथ में आवेदन है और जुबां पर एक ही गुहार – “साहब, मेरे पति के लिए एक इलेक्ट्रिक ट्राइसाइकिल दे दीजिए।”
जानकारी के अनुसार, महिला के पति को कुछ साल पहले पैरालिसिस का अटैक आया था। इलाज के दौरान हालत ऐसी बिगड़ी कि डॉक्टरों को उनका एक पैर काटना पड़ा। तब से लेकर आज तक, पत्नी ही उनका सहारा बनी हुई है। घर से अस्पताल, अस्पताल से घर, हर जगह वह अपने पति को अपने कंधे पर उठाकर ले जाती है।
पति का वजन, उम्र और अपनी थकान के बावजूद उसने कभी हार नहीं मानी। लेकिन अब लगातार कंधे पर उठाने से वह भी थकने लगी है। इसलिए शासन-प्रशासन से उसकी एक ही मांग है कि उसके पति को एक इलेक्ट्रिक ट्राइसाइकिल मिल जाए, ताकि वह खुद थोड़ा चल-फिर सकें और उसका बोझ थोड़ा कम हो सके।
सोशल मीडिया पर ये तस्वीर वायरल होने के बाद लोग प्रशासन से मदद की गुहार लगा रहे हैं। सवाल यही है – इस मजबूर पत्नी की गुहार आखिर कौन सुनेगा?

