उज्जैन: महाकाल के दरबार पहुंचे दो विवेक! रामायण की फीस पर कही बड़ी बात..video

    उज्जैन में भस्म आरती के बाद एक और बड़ा सितारा दर्शन हुआ।

    दोपहर करीब 12 बजे फिल्म एक्टर विवेक ओबेरॉय और मोटिवेशनल स्पीकर डॉ. विवेक बिंद्रा जलद्वार से मंदिर में पहुंचे। दोनों ने गर्भगृह के बाहर से बाबा महाकाल के दर्शन किए, फिर नंदी हॉल में बैठकर ध्यान लगाया और बाबा का आशीर्वाद लिया।

    मंदिर समिति ने दोनों को बाबा महाकाल का दुपट्टा पहनाकर सम्मान भी किया।

    रामायण के लिए फीस नहीं ली!

    दर्शन के बाद मीडिया से बातचीत में विवेक ओबेरॉय ने अपनी फिल्म ‘रामायण’ को लेकर बड़ा खुलासा किया।

    विवेक इसमें विद्युतजिह्वा (शूर्पणखा के पति) का रोल कर रहे हैं। इस फिल्म के लिए उन्हें करीब 6 करोड़ रुपये फीस मिलनी थी।

    लेकिन विवेक ने कहा –

    “यह भगवान राम के बारे में फिल्म है, इसलिए मुझे इसके लिए कोई पैसा नहीं लेना चाहिए। मैंने प्रोड्यूसर नमित मल्होत्रा से कहा – ये पैसे मुझे मत दो, गरीब कैंसर पीड़ित बच्चों के इलाज में लगा दो।”

    विवेक ने अपने 50वें जन्मदिन पर 50 कैंसर पीड़ित बच्चों के इलाज का पूरा खर्च उठाने का संकल्प लिया है।

    उन्होंने कहा – “करके बताना अच्छी बात नहीं है। बस मन में आया कि रामजी की फिल्म है, इसमें पैसे नहीं लेने चाहिए। सब कुछ बाबा का ही दिया हुआ है।”

    साथ में मौजूद एक व्यक्ति ने बताया – विवेक पिछले 25 सालों से दान-सेवा से जुड़े हैं, उन्होंने वृंदावन में कई बच्चों को गोद भी लिया है।

    विवेक बिंद्रा ने दिया सफलता का मंत्र

    डॉ. विवेक बिंद्रा ने युवाओं को कहा –

    “वो काम चुनो जो तुम्हें आता हो, जो तुम्हें पसंद हो और जिसकी बाजार में मांग हो। उस काम को श्रद्धा के साथ और महाकाल को मन में रखकर करो, तो इतनी सफलता और धन मिलेगा कि संभालना मुश्किल हो जाएगा।”

    बिंद्रा ने कहा – “जिसका काल बदलना हो, वही महाकाल पहुंच सकता है।”

    महाकाल से क्या मांगा?

    विवेक ओबेरॉय ने कहा –

    “बाबा से यही प्रार्थना की है कि हमें इतना सक्षम बनाएं कि हम अच्छे कामों के लिए निमित्त और माध्यम बन सकें। उज्जैन और पूरे MP में विकास के इतने काम हो रहे हैं, उसमें हमारा भी छोटा सा योगदान हो जाए। परिवार की खुशहाली और सभी के स्वस्थ रहने की भी प्रार्थना की है।”

    Categories MP