रायपुर। नशे के कारोबार पर शिकंजा कसते हुए थाना गुढ़ियारी पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए प्रतिबंधित कोडीन युक्त नशीली सिरप की तस्करी में संलिप्त एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से 249 शीशी कोडीन सिरप, जिसकी कुल मात्रा लगभग 25 लीटर है, तथा एक मोबाइल फोन जब्त किया गया है। जब्त सामग्री की कुल कीमत करीब 1 लाख 40 हजार रुपये आंकी गई है।
नशे के खिलाफ पुलिस की बड़ी कार्रवाई
मिली जानकारी के अनुसार, पुलिस उपायुक्त (नॉर्थ जोन) मयंक गुर्जर के निर्देशन में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। पुलिस को सूचना मिली थी कि, झाबक पेट्रोल पंप के पास एक व्यक्ति प्रतिबंधित नशीली सिरप लेकर बिक्री के लिए ग्राहक की तलाश कर रहा है।
घेराबंदी कर आरोपी को दबोचा
सूचना के आधार पर अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त आकाश मरकाम और सहायक पुलिस आयुक्त पूर्णिमा लामा के मार्गदर्शन में थाना गुढ़ियारी पुलिस की टीम ने मौके पर पहुंचकर संदिग्ध व्यक्ति को घेराबंदी कर पकड़ा। पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम अनिल कुमार साहू (33 वर्ष) निवासी मंगल वाड़ा, थाना चरौदा, जिला दुर्ग बताया।
नशीली सिरप के साथ आरोपी धरा, आगे की कार्रवाई जारी
तलाशी के दौरान उसके बैग से 249 शीशी प्रतिबंधित कोडीन युक्त नशीली सिरप बरामद हुई। पुलिस द्वारा वैध दस्तावेज मांगे जाने पर आरोपी कोई दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका और पुलिस को गुमराह करने का प्रयास करता रहा।
नशे के तार कहां तक, पुलिस कर रही जांच
इसके बाद पुलिस ने आरोपी के कब्जे से नशीली सिरप और एक मोबाइल फोन जब्त कर उसे गिरफ्तार कर लिया। मामले में थाना गुढ़ियारी में अपराध क्रमांक 238/2026 के तहत धारा 21 (सी) एनडीपीएस एक्ट के अंतर्गत अपराध दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। पुलिस अब मामले के बैकएंड और फॉरवर्ड लिंकेज की जांच कर यह पता लगाने में जुटी है कि, नशीली सिरप की सप्लाई कहां से हो रही थी और इसे किन लोगों तक पहुंचाया जाना था।

