Maharashtra:परभणी में हनुमान मंदिर का सभा मंडप गिरने से 7 श्रद्धालुओं की मौत, 32 घायल..video

महाराष्ट्र के परभणी तालुका के यशवाड़ी गांव से एक दर्दनाक हादसे की खबर आ रही है. यहां स्थित हनुमान मंदिर परिसर में बने सभा मंडप के पिलर और छत का एक बड़ा हिस्सा अचानक भरभराकर ढह गया। इस हादसे में 7 लोगों की मौत हो गई जबकि 32 लोग घायल हो गए। शुरुआत में यह खबर आ रही थी कि मलबे में 30 से 40 श्रद्धालुओं के दबे हो सकते हैं। प्रशासन की तरफ से यह अब स्‍पष्‍ट कर दिया गया है कि सभी लोगों को रेस्‍क्‍यू कर लिया गया है। घटना के बाद मंदिर रिसर में चीख-पुकार मच गई और स्थानीय प्रशासन व ग्रामीणों की मदद से मलबे को हटाकर फंसे हुए लोगों को बाहर निकालने के लिए युद्ध स्तर पर रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया। शनिवार का दिन होने के कारण मंदिर में दर्शन के लिए श्रद्धालुओं की भारी उमड़ी हुई थी।

गिरा निर्माणाधीन कंक्रीट का हिस्‍सा : यह दर्दनाक हादसा परभणी तालुका के यशवाड़ी गांव में शनिवार की दोपहर उस समय हुआ, जब पूरा परिसर बजरंगबली के जयकारों से गूंज रहा था। शनिवार का विशेष दिन होने के कारण मंदिर में सुबह से ही श्रद्धालुओं का तांता लगा हुआ था। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दोपहर के समय जब सभा मंडप के नीचे बड़ी संख्या में लोग पूजा-अर्चना और दर्शन के लिए कतारों में खड़े थे, तभी अचानक एक भयानक कड़कड़ाहट के साथ मंडप के मुख्य पिलर मुड़ गए और कंक्रीट की भारी-भरकम छत सीधे भक्तों के ऊपर भरभराकर गिर गई। कंक्रीट के मलबे के नीचे दबने से लोगों को संभलने या भागने का एक पल भी मौका नहीं मिला।बचाव कार्य में प्रशासन जुटा हुआ है।