छत्तीसगढ़ की कोरबा जिले में पहले सोशल मीडिया पर दी धमकी, फिर दूध व्यवसायी पर देसी कट्टे से फायरिंग कर भागा, पुलिस ने दो नाबालिग समेत 3 को दबोचा

    Toran Kumar reporter

    कोरबा। सिविल लाइन थाना क्षेत्र के निहारिका इलाके में दूध व्यवसायी की हत्या की कोशिश का मामला सामने आया है. आरोपी ने देसी कट्टे से फायर किया, लेकिन गोली निशाने से चूक गई. इसके बाद आरोपी मौके से फरार हो गया. पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी हिमांशु यादव और दो नाबालिगों को पकड़ लिया है.

    आरोपी ने पहले सोशल मीडिया पर दी थी धमकी

    घटना को अंजाम देने से पहले आरोपी हिमांशु यादव सोशल मीडिया पर हवाई फायरिंग का वीडियो वायरल कर रहा था और पीड़ित व्यवसायी को जान से मारने की धमकी दे रहा था. गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने आरोपी के पास से एक देसी कट्टा और चार जिंदा कारतूस बरामद किए हैं. मुख्य आरोपी हिमांशु यादव उत्तर प्रदेश के प्रयागपुर, बरगदहा, थाना गदागंज, जिला रायबरेली का निवासी है. उसके साथ दो नाबालिगों को भी हिरासत में लिया गया है.

    कोरबा पुलिस की अपील- शहर में अपराध नियंत्रण एवं सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस पूरी तरह प्रतिबद्ध है। आम नागरिकों से अनुरोध है कि संदिग्ध गतिविधियों की सूचना तुरंत पुलिस को दें ताकि त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।