दिल्ली शपथ ग्रहण समारोह | परवेश साहिब सिंह, आशीष सूद, मनजिंदर सिंह सिरसा, रविंदर इंद्राज सिंह, कपिल मिश्रा और पंकज कुमार सिंह आज मंत्री पद की शपथ लेंगे।

vp9vb468_rekha-gupta_650x400_19_February_25

Toran Kumar reporter

Delhi Cabinet Ministers: दिल्ली की भावी मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता (Rekha Gupta) और उनके मंत्रिपरिषद के सदस्य आज यानी गुरुवार, 20 फरवरी को दोपहर में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (PM Narendra Modi) की मौजूदगी में रामलीला मैदान (Ramlila Maidan) में शपथ लेंगे। इसके साथ ही दिल्ली में 27 साल बाद भारतीय जनता पार्टी (BJP) की सत्ता में वापसी होगी। दिल्ली की नई सरकार में प्रवेश वर्मा (Pravesh Verma) और कपिल मिश्रा (Kapil Mishra) सहित छह कैबिनेट मंत्री होंगे और उन्हें गुरुवार दोपहर को पद की शपथ दिलाई जाएगी। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। प्रवेश वर्मा ने हाल में हुए विधानसभा चुनाव में आम आदमी पार्टी (आप) के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल (Arvind Kejriwal) को हराया था।

प्रवेश वर्मा, कपिल मिश्रा होंगे दिल्ली कैबिनेट का हिस्सा

गृह मंत्रालय की तरफ से जारी एक नोटिफिकेशन में कहा गया है कि राष्ट्रपति ने नामित मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता की सलाह पर भाजपा विधायकों प्रवेश साहिब सिंह वर्मा, आशीष सूद, मनजिंदर सिंह सिरसा, रविंद्र इंद्राज, कपिल मिश्रा और पंकज कुमार सिंह को दिल्ली सरकार में मंत्री नियुक्त किया है। ये नए मंत्री मुख्यमंत्री पद के लिए चुनी गईं गुप्ता के साथ रामलीला मैदान में एक भव्य समारोह में गुरुवार को शपथ लेंगे। इस समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और अन्य गणमान्य लोग शामिल होंगे।

रेखा गुप्ता होंगी दिल्ली की CM, पेश किया सरकार बनाने का दावा

भारतीय जनता पार्टी (BJP) की विधायक रेखा गुप्ता (Rekha Gupta) दिल्ली की नई मुख्यमंत्री होंगी। दिल्ली प्रदेश भाजपा कार्यालय में केंद्रीय पर्यवेक्षकों की मौजूदगी में सर्वसम्मति से पार्टी विधायक दल की नेता चुने जाने के बाद उन्होंने सरकार बनाने का दावा पेश किया। दिल्ली की शालीमार बाग विधानसभा सीट से पहली बार विधायक बनीं गुप्ता गुरुवार (20 फरवरी) दोपहर मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगी। विधायक दल की बैठक के बाद पूर्व केंद्रीय मंत्री रविशंकर प्रसाद ने घोषणा की कि रेखा गुप्ता को सर्वसम्मति से विधायक दल की नेता चुना गया है।

दिल्ली की चौथी महिला मुख्यमंत्री बनीं रेखा गुप्ता

रेखा गुप्ता सुषमा स्वराज, शीला दीक्षित और आतिशी के बाद दिल्ली की चौथी महिला मुख्यमंत्री होंगी। इस बीच, रामलीला मैदान में नई सरकार के भव्य शपथ ग्रहण समारोह की तैयारियां जोरों पर हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, उनके मंत्रिमंडल के सहयोगी और राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) शासित राज्यों के मुख्यमंत्री व उपमुख्यमंत्री भी शपथ ग्रहण समारोह में शिरकत करेंगे। कुछ विशिष्ट मेहमानों समेत लगभग 50,000 लोगों के इस समारोह में भाग लेने की संभावना है।

You may have missed