थाना बसना, जिला महासमुंद (CG-Odisha Border)*
महासमुंद पुलिस ने अवैध तस्करी पर एक और बड़ा प्रहार किया है।
जिले में अवैध तस्करी, संदिग्ध नकदी और बहुमूल्य धातुओं के अवैध परिवहन पर अंकुश लगाने के लिए सीमावर्ती नाकों पर सघन वाहन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में 26 नवंबर को थाना बसना की टीम पलसापाली नाका पर वाहनों की जांच कर रही थी।
तभी एक सफेद रंग की मारुति सुजुकी विक्टोरियस कार क्रमांक CG 23Q 9222 को रोका गया।
कार में दो लोग सवार थे –
- उमेश कंसारी (45 वर्ष) – निवासी गोबरानवापारा, जिला रायपुर
- रोशन कुमार साहू (40 वर्ष) – निवासी ग्राम बेलटूकरी, थाना राजिम, जिला गरियाबंद
पुलिस को शक हुआ तो कार की डिक्की और सीट की तलाशी ली। अंदर 6 काले रंग के बैग मिले। बैग खोलते ही पुलिस की आंखें फटी रह गईं।
बैगों में क्या-क्या मिला?
प्लास्टिक के डिब्बों में भरे हुए –
- चांदी के आभूषण – पायल, बिछिया, अंगूठी, चेन, कड़ा, ब्रेसलेट, करधन
- चांदी के बर्तन
- चांदी की मूर्तियां
- 6 चांदी की सिल्लियां
और साथ में ₹3,39,800 नकद
कुल वजन – 52 किलो 528 ग्राम चांदी!
- चांदी की अनुमानित कीमत – ₹90 लाख
- नकद – ₹3,39,800
- कार की कीमत – ₹10 लाख
कुल जब्त संपत्ति – ₹1,03,39,800 (1 करोड़ 3 लाख से ज्यादा)
पुलिस ने जब दोनों से चांदी और नकदी के वैध दस्तावेज मांगे तो दोनों कोई कागज नहीं दिखा पाए।
इसके बाद पुलिस ने चांदी, नकद और कार समेत पूरी संपत्ति को जब्त कर लिया है और आगे की वैधानिक कार्रवाई कर रही है। मामला आयकर विभाग को भी सौंपा जा सकता है।
महासमुंद पुलिस की इस कार्रवाई से ओडिशा से छत्तीसगढ़ के रास्ते हो रही चांदी की तस्करी पर फिर से सवाल खड़े हो गए हैं।

