Chhattisgarh news : शिकारियों के निशाने पर वन्यजीव,भालू का क्षत-विक्षत शव मिला…जांच में जुटी वन विभाग

    Toran Kumar reporter

    Chhattisgarh news : जंगलों में वन्यजीवों की सुरक्षा को लेकर वन विभाग की लापरवाही एक बार फिर उजागर हुई है। मरवाही वन मंडल के उषाड़ बीट में एक भालू का क्षत-विक्षत शव मिलने से हड़कंप मच गया है। शव के कई अंग गायब होने के कारण शिकार किए जाने की आशंका जताई जा रही है। यह मामला मनेंद्रगढ़ वन मंडल और मरवाही वन मंडल की सीमा पर स्थित मरवाही वन परिक्षेत्र के उषाड़ बीट का है, जहां करीब 8 से 10 दिन पुराना भालू का शव बरामद हुआ है। वन विभाग को इसकी जानकारी अब जाकर मिली है, जिससे उनकी कार्यशैली पर सवाल खड़े हो रहे हैं।

    भालू की मौत के सही कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल पाएगा। मरवाही वनमंडल के डीएफओ रौनक गोयल ने भालू के शव मिलने की पुष्टि की है। इस घटना के बाद वन विभाग की निगरानी व्यवस्था पर गंभीर प्रश्नचिह्न लग गए हैं, क्योंकि इतने दिनों तक भालू के शव की भनक तक वन अधिकारियों को नहीं लगी।

    शिकारियों की बढ़ती सक्रियता और वन विभाग की सुस्त कार्यशैली के कारण वन्यजीवों की सुरक्षा पर गंभीर खतरा मंडरा रहा है। जंगलों में वन्यजीवों के शिकार की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं, लेकिन वन विभाग न तो शिकारियों पर प्रभावी कार्रवाई कर पा रहा है और न ही समय रहते इन घटनाओं की रोकथाम कर पा रहा है। इस घटना ने एक बार फिर यह साबित कर दिया है कि जंगलों में वन्यजीव सुरक्षित नहीं हैं और शिकारी बेखौफ होकर अपनी गतिविधियां अंजाम दे रहे हैं। अब देखना होगा कि वन विभाग इस मामले में क्या ठोस कदम उठाता है या फिर यह भी अन्य मामलों की तरह फाइलों में दबकर रह जाएगा।