बिलासपुर के कोनी थाने में भीतर कबाड़ माफिया को कुर्सी पर बैठाकर चाय पिलाने की तस्वीरें वायरल हो रही है, जबकि दो पुलिसकर्मी उसके सामने बैठे नजर आ रहे हैं। तस्वीर सामने आने के बाद पुलिस की कार्यप्रणाली और अवैध कारोबारियों से कथित संबंधों को लेकर सवाल उठने लगे।
अब एसएसपी ने इसे लापरवाही मानते हुए प्रधान आरक्षक बालेश्वर तिवारी और आरक्षक अनुज जांगड़े को लाइन अटैच कर दिया है। जिसका आदेश जारी कर दिया गया है।
बताया जा रहा है कि, फोटो में दिखाई दे रहा व्यक्ति अकबर खान है, जो कोनी थाना क्षेत्र में अवतार पैलेस के सामने अवैध कबाड़ दुकान संचालित करता है।
चर्चा है कि हाल ही में पुलिस ने उसके खिलाफ बीएनएस की धारा 170 के तहत कार्रवाई की थी। हालांकि, थाने पहुंचने के बाद उसे कथित तौर पर वीआईपी ट्रीटमेंट दिए जाने की तस्वीरें वायरल हो गई।
एसपी के निर्देश के बाद हुई थी कार्रवाई
जानकारी के मुताबिक, दो दिन पहले ही बिलासपुर पुलिस के एसपी ने शहर में अवैध कबाड़ कारोबारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए थे। इसके बाद कोनी पुलिस ने कार्रवाई करते हुए अकबर खान को थाने बुलाया था। वायरल तस्वीर में प्रधान आरक्षक बालेश्वर तिवारी और आरक्षक अनुज जांगड़े के मौजूद रहे।
एएसपी बोले- दस्तावेज जांच के लिए बुलाया गया था
इस मामले में पंकज पटेल ने कहा कि, कबाड़ कारोबारी को केवल दस्तावेजों की जांच के लिए थाने बुलाया गया था। उन्होंने बताया कि संबंधित दुकान को सील कर दिया गया है और नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है।

