छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में पुलिस ने शुक्रवार को दो कारों से करीब 300 किलो गांजा बरामद किया है। इस मामले में तीन तस्करों को गिरफ्तार किया गया है। आरोपी कारों के नंबर प्लेट को बदल कर ओडिशा से करीब 1 करोड़ 50 लाख रुपए कीमत का गांजा लेकर मध्यप्रदेश जा रहे थे। पुलिस ने जांच के दौरान दोनों कारों को रोककर तलाशी ली, जिसमें गांजा मिला।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से दो लग्जरी कार और मोबाइल फोन भी जब्त किए हैं। जब्त सामान की कुल कीमत करीब 1 करोड़ 86 लाख रुपए बताई जा रही है। यह कार्रवाई रायगढ़ जिले के लैलूंगा थाना क्षेत्र में की गई। पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है
जानकारी के मुताबिक, शुक्रवार सुबह पुलिस को सूचना मिली कि ओडिशा के सोनपुर इलाके से गांजा की बड़ी खेप दो सफेद कारों में भरकर मध्यप्रदेश के अनूपपुर ले जाई जा रही है। सूचना मिलने के बाद एसएसपी शशि मोहन सिंह ने लैलूंगा पुलिस को तुरंत नाकेबंदी कर कार्रवाई करने के निर्देश दिए। इसके बाद पुलिस ने अलग-अलग रास्तों पर चेकिंग शुरू कर दी।
इसी दौरान कटकलिया मार्ग पर घेराबंदी के दौरान पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर एक इनोवा क्रिस्टा और एक मारुति सुजुकी XL-6 को रोककर जांच की।
जांच के दौरान पुलिस ने देखा कि इनोवा क्रिस्टा में दो नंबर प्लेट लगी हुई थी। गाड़ी में ओडिशा नंबर प्लेट OD-10-H-0050 के नीचे छत्तीसगढ़ नंबर CG-13-BY-6540 की दूसरी नंबर प्लेट लगी थी। इससे पुलिस को शक हुआ, जिसके बाद वाहन में सवार युवक से पूछताछ शुरू की गई।
आरोपी सरगुजा और अनूपपुर जिला के रहने वाले
पूछताछ के दौरान इनोवा में सवार युवक ने अपना नाम निखिल कश्यप (23 वर्ष) निवासी जेल रोड, रामानुजगंज बताया। वहीं मारुति सुजुकी XL-6 में सवार दो युवकों ने अपना नाम रिंकु कश्यप (28 वर्ष) निवासी नवानगर चिरगापारा, थाना दरिमा, जिला सरगुजा और धर्मेंद्र मौर्य (27 वर्ष) निवासी हराटोला, थाना राजेंद्रनगर, जिला अनूपपुर (मध्यप्रदेश) बताया।
कार में मिला 300 किलो गांजा
इसके बाद पुलिस ने आरोपियों के दोनों कारों की तलाशी ली। जांच के दौरान दोनों वाहनों से बड़ी मात्रा में अवैध गांजा बरामद हुआ। पुलिस को दोनों कारों से कुल करीब 300 किलो गांजा मिला। जब्त गांजा की कीमत बाजार में लगभग 1 करोड़ 50 लाख रुपए बताई जा रही है।
1 करोड़ 86 लाख की संपत्ति जब्त
पुलिस तीनों आरोपियों को हिरासत में लेकर थाने पहुंची। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे गांजा की यह खेप मध्यप्रदेश के अनूपपुर जिले में अपने साथियों तक पहुंचाने जा रहे थे।
इसके बाद पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया। पुलिस ने उनके पास से 300 किलो गांजा, दो कारें और पांच मोबाइल फोन जब्त किए हैं। जब्त सामान की कुल कीमत करीब 1 करोड़ 86 लाख रुपए बताई जा रही है।
पुलिस टीम सरगुजा-अनूपपुर रवाना
पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(b) और 29 के तहत मामला दर्ज किया है। फिलहाल मामले की जांच और आगे की कार्रवाई जारी है।
इस तस्करी में शामिल अन्य फरार आरोपियों और पूरे नेटवर्क का पता लगाने के लिए एसएसपी शशि मोहन सिंह के निर्देश पर एक विशेष पुलिस टीम सरगुजा और मध्यप्रदेश के अनूपपुर भेजी गई है।
लगातार कार्रवाई जारी रहेगा
SSP शशि मोहन सिंह ने कहा कि नशे के अवैध कारोबार में शामिल लोगों के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।
उन्होंने बताया कि जिले को नशामुक्त बनाने के लिए अंतरराज्यीय तस्करों और उनके पूरे नेटवर्क पर कड़ी कार्रवाई की जा रही है। इस मामले में पुलिस ने 300 किलो गांजा के साथ तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है और आगे की जांच शुरू कर दी है।

