उतर प्रदेश के जनपद मुजफ्फरनगर में यूपी पुलिस भर्ती परीक्षा के दौरान गूगल मैप की गलत लोकेशन चार अभ्यर्थियों पर भारी पड़ गई. गाजियाबाद और हापुड़ के रहने वाले चार अभ्यर्थी समय पर परीक्षा केंद्र नहीं पहुंच सके, जिसके चलते उनकी परीक्षा छूट गई. अभ्यर्थियों का आरोप है कि गूगल मैप ने उन्हें परीक्षा केंद्र की बजाय शामली के चंदहेड़ी गांव के जंगल क्षेत्र में पहुंचा दिया.
शिकायत के बाद हरकत में आए पुलिस प्रशासन ने जांच शुरू कर दी है और गूगल को पत्र भेजकर जबाब माँगा है. फ़िलहाल अब ये अभ्यर्थी दोबारा यह परीक्षा दे पाएंगे या नहीं इसको लेकर अभी कोई स्पष्ट जानकारी नहीं आई है
जानकारी के मुताबिक धर्मेन्द्र चौधरी, अरुण मलिक, विशाल और नकुल की परीक्षा नई मंडी थाना क्षेत्र स्थित दीपचंद ग्रीन चैंबर इंटर कॉलेज में आयोजित थी. चारों अभ्यर्थी मोटरसाइकिल से परीक्षा केंद्र के लिए निकले थे और रास्ता जानने के लिए गूगल मैप का सहारा लिया था. लेकिन गूगल लोकेशन उन्हें गलत दिशा में ले गई, जिससे उनका काफी समय बर्बाद हो गया.जब अभ्यर्थियों को एहसास हुआ कि वे गलत जगह पहुंच गए हैं तो उन्होंने वापस परीक्षा केंद्र की ओर रुख किया, लेकिन तब तक परीक्षा शुरू हो चुकी थी. परीक्षा छूटने के बाद चारों अभ्यर्थी जिला मुख्यालय पहुंचे और अधिकारियों से मुलाकात कर अपनी समस्या बताई.
पुलिस ने शुरू की जांच
एसपी सिटी अमृत जैन ने बताया कि मामले की जांच कराई जाएगी तथा गूगल को भी पत्र भेजा जाएगा. पत्र के माध्यम से यह पूछा जाएगा कि संबंधित परीक्षा केंद्र की लोकेशन के स्थान पर अभ्यर्थियों को शामली क्षेत्र की लोकेशन क्यों दिखाई जा रही थी. उन्होंने बताया कि इस मामले में दो अभ्यर्थी हापुड़ और दो गाजियाबाद जनपद के निवासी हैं, जिनकी परीक्षा छूटी है. भर्ती बोर्ड से भी इस संबंध में वार्ता की जा रही है.

