दिल्ली पुलिस की साइबर सेल ने एक शातिर ठग को गिरफ्तार किया है. ये ठग फर्जी प्रोफाइल बनाकर महिलाओं को प्रेम जाल में फंसाकर ठगी और ब्लैकमेल करता था.

दिल्ली पुलिस की साइबर सेल ने एक शातिर ठग को गिरफ्तार किया है. ये ठग फर्जी प्रोफाइल बनाकर महिलाओं को प्रेम जाल में फंसाकर ठगी और ब्लैकमेल करता था. आरोपी की पहचान 35 वर्षीय आनंद कुमार के रूप में हुई है और यह पश्चिम बंगाल का रहने वाला है. पुलिस के मुताबिक आरोपी ने डेटिंग और मैट्रिमोनियल ऐप्स पर खुद को कभी डॉक्टर, कभी बिजनेसमैन तो कभी फिल्म प्रोड्यूसर बताकर महिलाओं से दोस्ती की. धीरे-धीरे वह उनसे भावनात्मक रिश्ता बनाता और शादी का झांसा देता था.

भरोसा जीतने के बाद वह मेडिकल इमरजेंसी, बिजनेस नुकसान या पारिवारिक जरूरतों का बहाना बनाकर पैसे मांगता था. इतना ही नहीं आरोपी महिलाओं से निजी फोटो और वीडियो हासिल कर उन्हें वायरल करने की धमकी देकर ब्लैकमेल भी करता था. इस तरह इसने देशभर की कई महिलाओं को निशाना बनाया और करोड़ो की ठगी की. 

देशभर में 500 महिलाओं को  बनाया निशाना

पुलिस जांच में सामने आया कि उसने देशभर में करीब 500 महिलाओं को निशाना बनाया और उनसे लगभग 2 करोड़ रुपये की ठगी की. इस मामले का खुलासा तब हुआ जब एक महिला ने शिकायत दर्ज कराई कि वैभव अरोड़ा नाम के इंस्टाग्राम अकाउंट के जरिए उससे करीब 7 लाख रुपये ऐंठे गए. आरोपी ने महिला से शादी का वादा किया और फिर अचानक खुद को मृत बताकर संपर्क तोड़ लिया.

दिल्ली पुलिस की जांच के दौरान पुलिस ने तकनीकी मदद से आरोपी की लोकेशन पश्चिम बंगाल के 24 परगना इलाके में ट्रेस की और वहां छापेमारी कर उसे गिरफ्तार कर लिया. गिरफ्तारी के दौरान आरोपी के पास से 4 मोबाइल फोन, 8 सिम कार्ड, डेबिट कार्ड और सोने के गहने बरामद किए गए, जो ठगी के पैसों से खरीदे गए थे. पुलिस का कहना है कि आरोपी पहले भी ऐसे मामलों में शामिल रह चुका है. फिलहाल मामले की जांच जारी है और अन्य पीड़ितों की तलाश की जा रही है.


Warning: ini_set(): open_basedir restriction in effect. File() is not within the allowed path(s): (/home/wepnexco/:/tmp:/var/tmp:/opt/alt/php81/usr/share/pear/:/dev/urandom:/usr/local/lib/php/:/usr/local/php81/lib/php/) in /home/wepnexco/domains/rkhulasa.com/public_html/wp-blog-header.php on line 24