Crime news:आगरा में प्रेमिका ने प्रेमी को मार डाला, होटल में ले जाकर हथौड़े से कूच दिया सिर

आगरा के थाना मलपुरा क्षेत्र अंतर्गत इटौरा स्थित एक होटल में शुक्रवार दोपहर एक सनसनीखेज वारदात सामने आई, जहां एक प्रेमिका ने अपने प्रेमी की बेरहमी से हत्या कर दी. जानकारी के अनुसार, प्रेमी-प्रेमिका दोनों ने होटल में एक साथ कमरा लिया था. प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि दोनों के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हुई, जो देखते ही देखते हिंसक रूप ले बैठी.

हथौड़े से किए ताबड़तोड़ हमले

आरोप है कि विवाद के दौरान प्रेमिका ने हथौड़े और अन्य धारदार हथियार से प्रेमी पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई. घटना के बाद होटल में अफरा-तफरी का माहौल बन गया.

मृतक युवक थाना किरावली क्षेत्र का निवासी बताया जा रहा है, जबकि युवती थाना मलपुरा क्षेत्र की रहने वाली है. दोनों के बीच पहले से परिचय था और घटना के समय शराब के सेवन की भी बात सामने निकलकर आ रही है. 

हत्या के बाद लाश के पास बैठी रही प्रेमिका

बताया जा रहा है कि मामूली विवाद इतना बढ़ गया कि युवती ने अपना आपा खो दिया और इस खौफनाक वारदात को अंजाम दे डाला. हैरान करने वाली बात यह भी है कि हत्या के बाद युवती मौके से फरार नहीं हुई, बल्कि कमरे में ही मृतक के शव के पास बैठी रही.

खून से लथपथ मिला युवक 

होटल संचालक को जब कमरे से शोर-शराबे की आवाजें सुनाई दीं, तो उसने तत्काल डायल 112 पर पुलिस को सूचना दी. सूचना मिलते ही इलाका पुलिस मौके पर पहुंची और कमरे का दरवाजा खोलकर देखा तो युवक खून से लथपथ अवस्था में पड़ा था. 

आरोपी प्रेमिका को हिरासत में लिया

पुलिस ने मौके से सबूत इकट्ठा किए और युवती को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है. मामले की गंभीरता को देखते हुए डीसीपी वेस्ट आदित्य कुमार भी घटनास्थल पर पहुंचे और जांच का जायजा लिया.

पुलिस ने क्या कहा?

डीसीपी वेस्ट ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला आपसी विवाद का प्रतीत हो रहा है, हालांकि सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच की जा रही है. फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया गया है, जिसने मौके से अहम साक्ष्य जुटाए हैं.

पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पूछताछ के बाद ही हत्या के पीछे की असल वजह स्पष्ट हो सकेगी. फिलहाल पुलिस आगे की कार्रवाई में जुटी हुई है और पूरे मामले की गहन जांच जारी है.