हैदराबाद से चंडीगढ़ जा रहे इंडिगो के एक विमान को मंगलवार को लैंडिंग के बाद आपातकालीन स्थिति में खाली कराना पड़ा. बताया गया कि विमान के रनवे पर रुकने के दौरान एक यात्री के पावर बैंक में आग लग गई, जिसके बाद तुरंत अलर्ट जारी किया गया. सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए सभी यात्रियों को सुरक्षित तरीके से विमान के इमरजेंसी एक्जिट से तुरंत बाहर निकाला गया.
जानकारी के मुताबिक, यह घटना इंडिगो की फ्लाइट 6E 108 में हुई. लैंडिंग के बाद जब विमान पार्क किया गया, तभी एक यात्री के निजी इलेक्ट्रॉनिक उपकरण में आग लगने की सूचना मिली. हालात को समझते हुए क्रू मेंबर्स ने तुरंत आपात प्रक्रिया अपनाई और यात्रियों को बाहर निकालने की कार्रवाई शुरू की.
घटना के बाद सभी यात्रियों को सुरक्षित निकाला
इंडिगो की ओर से जारी जानकारी में कहा गया है कि सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए सभी यात्रियों को सुरक्षित रूप से टर्मिनल तक पहुंचाया गया है. एयरलाइन ने यह भी बताया कि यात्रियों की सहायता और देखभाल के लिए एयरपोर्ट पर टीम तैनात की गई है. घटना के समय विमान में मौजूद सभी यात्री सुरक्षित हैं और किसी के घायल होने की सूचना नहीं है.
विमान की तकनीकी जांच की जाएगी: इंडिगो
इंडिगो के प्रवक्ता के अनुसार, विमान की आवश्यक तकनीकी जांच की जाएगी और सभी सुरक्षा मानकों को पूरा करने के बाद ही फ्लाइट ऑपरेशन को दोबारा शुरू किया जाएगा. हालांकि, इस पूरे मामले में नागरिक उड्डयन महानिदेशालय (DGCA) की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है.
फिलहाल यह साफ नहीं हो पाया है कि पावर बैंक में आग किस कारण से लगी, लेकिन घटना के बाद विमानन सुरक्षा को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े हो गए हैं. एयरलाइन और संबंधित एजेंसियां मामले की जांच में जुटी हैं.

