चलते-चलते खत्म हो गई ज़िंदगी… मुरादाबाद में 25 साल के युवक की सड़क पर गिरते ही मौत..video

    Toran Kumar reporter

    UP News: कभी-कभी आपके-हमारे सामने ऐसी खबरें या वीडियो आती हैं, जो दिमाग सन्न करके रख देती हैं. कुछ ऐसा ही वीडियो उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद से सामने आई है. यहां रेहान नाम का युवक दिन का खाना खाने अपने घर आया. उसने खाना खाया और फिर वह अपनी दुकान जाने के लिए निकल पड़ा. अपनी घर से दुकान के लिए निकला युवक फिर कभी अपने घर और दुकान जिंदा नहीं जा पाया. दरअसल रास्ते में ही उसकी मौत हो गई. जिस तरह से उसकी मौत हुई है, उसने सभी को चौंका दिया है.

    रास्ते में रेहान के साथ क्या हुआ?
    मुरादाबाद से आया ये वीडियो भोजपुर थाना क्षेत्र के मोहल्ला बड़ी मंडी का बताया जा रहा है. यहां 25 साल के रेहान कुरैशी की मोबाइल की दुकान है. 7 महीने पहले ही उसका निकाह हुआ था. रेहान दिन का खाना खाने अपने घर आता था. घर भी दुकान के पास में ही था.
    रेहान कुरैशी खाना खाने के लिए घर आया और 2 बजे करीब वापस दुकान जाने के लिए घर से निकल गया. मगर रास्ते में ही अचानक उसके पैर लड़खड़ा गए और वह सड़क पर ही गिर गया. मौके पर मौजूद लोगों ने उसकी मदद करने की कोशिश की. मगर उसे होश नहीं आया.

    अस्पताल ले गए मगर हो गई मौत
    लोग उसे फौरन अस्पताल ले गए. यहां डॉक्टरों ने देखते ही उसे मृत घोषित कर दिया. बताया जा रहा है कि मौके पर ही रेहान की मौत हो चुकी थी. युवक की मौत से परिवार में कोहराम मच गया. किसी को भी समझ नहीं आया कि आखिर रेहान को अचानक क्या हुआ? फिलहाल युवक के शव का पोस्टमॉर्टम करवाया गया है. इसके बाद ही मौत की असल वजह का पता चलेगा.