छत्तीसगढ़ के कोरिया जिले के पटना थाना क्षेत्र में शुक्रवार रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। ग्राम सांवारावा / सावारावा के पास पिकअप और ऑटो के बीच हुई आमने-सामने की जोरदार टक्कर में 3 महिलाओं की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि 6 से 12 महिलाएं गंभीर रूप से घायल हो गईं।
दशगात्र कार्यक्रम से लौट रही थीं महिलाएं –
जानकारी के अनुसार ऑटो में करीब 15 महिलाएं सवार थीं। सभी महिलाएं करहीपारा छिंदिया गांव की रहने वाली हैं, जो बिलारो गांव में आयोजित दशगात्र कार्यक्रम में शामिल होने गई थीं। कार्यक्रम खत्म होने के बाद देर शाम करीब 8 बजे सभी ऑटो से अपने गांव लौट रही थीं।
जैसे ही ऑटो ग्राम सांवारावा के पास पहुंचा, विपरीत दिशा से बैकुंठपुर की ओर से आ रही तेज रफ्तार अनियंत्रित पिकअप ने ऑटो को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि ऑटो सवार महिलाएं उछलकर सड़क पर गिर गईं और मौके पर चीख-पुकार मच गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत बचाव कार्य शुरू किया और पुलिस को सूचना दी।
मृतकों की पहचान –
हादसे में जान गंवाने वाली तीन महिलाओं की पहचान हुई है:
- फुलकुंवर पति महेंद्र सिंह – उम्र 50 वर्ष
- रामबाई पति रामकुमार – उम्र 60 वर्ष
- फुलकुंवर पति जगजीवन – उम्र 60 वर्ष
तीनों करहीपारा छिंदिया की निवासी थीं।
घायलों का इलाज जारी –
घटना के बाद सभी घायलों को ग्रामीणों की मदद से पटना सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने 3 महिलाओं को मृत घोषित कर दिया। गंभीर रूप से घायल महिलाओं को प्राथमिक उपचार के बाद बैकुंठपुर जिला अस्पताल रेफर किया गया है, जहां उनका इलाज जारी है।
पिकअप चालक फरार, तलाश जारी –
घटना की सूचना मिलते ही पटना थाना प्रभारी प्रमोद पांडेय के नेतृत्व में पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने बताया कि हादसे के बाद पिकअप चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गया। पुलिस फरार पिकअप और उसके चालक की तलाश कर रही है और मार्ग में लगे CCTV फुटेज की भी जांच की जा रही है।
पुलिस ने मर्ग कायम कर आगे की जांच शुरू कर दी है।

