रायपुर से मिर्जापुर तक पीछा: 12 घंटे में सुलझी अपहरण की गुत्थी, 3 आरोपी UP में धराए – Raipur Police की बड़ी कामयाबी

रायपुर, 03 अक्टूबर 2026। खमतराई क्षेत्र से हुए अपहरण कांड को रायपुर पुलिस ने महज 12 घंटे में सुलझा लिया। UP नंबर की स्कॉर्पियो से ले जाए गए युवक को छुड़ाने के लिए पुलिस ने रायपुर से मिर्जापुर तक तकनीकी सर्विलांस और अंतर्राज्यीय समन्वय से जाल बिछाया और तीन आरोपियों को हिरासत में ले लिया।
रात 9 बजे मिली सूचना, CCTV में कैद हुई वारदात
02 अक्टूबर की रात 9 बजे श्रीमती अनिता राय ने थाना खमतराई में रिपोर्ट दर्ज कराई कि उनके पति प्रतीक राय घर नहीं लौटे और मोबाइल बंद है। पुलिस ने तुरंत CCTV खंगाले तो दोपहर 02:28 बजे काले रंग की UP पासिंग स्कॉर्पियो में 3 लोगों द्वारा प्रतीक को जबरन बैठाकर ले जाना दिखा।
पुलिस आयुक्त डॉ. संजीव शुक्ला और एडिशनल CP अमित कांबले के निर्देश पर DCP नॉर्थ दीपमाला कश्यप और ACP उरला पूर्णिमा लामा के पर्यवेक्षण में टीम ने ट्रैकिंग शुरू की।
रायपुर से UP तक नाकाबंदी, अहरौरा में धराए
वाहन UP की ओर भागने की जानकारी मिलते ही रायपुर पुलिस ने थाना अहरौरा, जिला मिर्जापुर (UP) से संपर्क किया। टोल और लोकेशन डेटा शेयर कर चौपन, रॉबर्ट्सगंज समेत पूरे रूट पर अलर्ट जारी कर नाकाबंदी करवाई। लगातार ट्रैकिंग के बाद अहरौरा पुलिस ने स्कॉर्पियो को रोककर 3 आरोपियों को पकड़ लिया।
जांच में सामने आया कि वाहन और पैसों के लेन-देन के विवाद में अपहरण किया गया था।
हिरासत में आरोपी:

  1. अभय सिंह(28), बाराबंकी
  2. बृहस्पत देव सिंह (27), दरियावगंज
  3. आदर्श सिंह (24), प्रतापपुर – सभी निवासी उत्तर प्रदेश
    तीनों को रायपुर लाने के लिए टीम रवाना हो गई है। इस कार्रवाई में थाना प्रभारी जितेन्द्र जायसवाल और खमतराई टीम का विशेष योगदान रहा।